अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले के अमलाई थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे–43 पर  एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, अनूपपुर जिले से शहडोल की ओर आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार अधेड़ दंपत्ति को टक्कर मार दी और उन्हें कुचलते हुए स्कूटी को करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद स्कूटी में आग भी लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।  इस भीषण दुर्घटना में स्कूटी चला रहे अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और कुछ देर तक विरोध प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। 

जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा अमलाई थाना क्षेत्र के ग्राम बटुरा के पास नेशनल हाईवे–43 पर हुआ, बताया जा रहा है कि अनूपपुर से शहडोल की ओर आ रही नगर पालिका परिषद बिजुरी के उपाध्यक्ष की स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में थी, इसी दौरान ग्राम बकही निवासी 55 वर्षीय सुंदर दास महारा अपनी 50 वर्षीय पत्नी ऊषा बाई के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, टक्कर के बाद स्कॉर्पियो स्कूटी को करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। 

हादसे में स्कूटी चला रहे सुंदर दास महारा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी ऊषा बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर और घसीटे जाने के दौरान स्कूटी में अचानक आग लग गई, जिससे घटनास्थल पर दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। 

घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।  बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और कुछ देर तक विरोध प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। लोगों ने शव को वापस लाने की मांग भी की। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। 

 
वहीं इस मामले में अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पाण्डेय ने बताया कि स्कॉर्पियो वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार अधेड़ की मौत हुई है, जबकि उनकी पत्नी घायल हुई हैं। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m