चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस के दूरसंचार विंग ने 400 विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) की भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती की खास बात यह है कि चयन के लिए न तो लिखित परीक्षा होगी और न ही शारीरिक परीक्षा। भर्ती में सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के पूर्व सैनिकों के अलावा भंग हो चुके हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (HSISF) और हरियाणा सशस्त्र पुलिस (HAP) बटालियनों के पूर्व कांस्टेबल आवेदन कर सकेंगे।

हरियाणा पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 21 के तहत होने वाली इस भर्ती में चयनित SPO को 20 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा 3,000 रुपये का एकमुश्त वर्दी भत्ता भी मिलेगा। दूरसंचार उपकरणों के संचालन का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों, खासकर सशस्त्र बलों या CAPF की सिग्नल कोर में सेवा दे चुके अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

12वीं पास और 25 से 50 वर्ष आयु जरूरी

आवेदक का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। विज्ञापन की तारीख को आयु 25 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए। सशस्त्र बलों या CAPF से आने वाले उम्मीदवारों के लिए कम से कम पांच वर्ष की सेवा अनिवार्य है। अनुशासनहीनता, कदाचार या चिकित्सकीय अयोग्यता के कारण सेवा से हटाए अथवा बर्खास्त किए गए पूर्व कर्मचारी पात्र नहीं होंगे।

सेवामुक्ति के समय उम्मीदवार की चिकित्सा श्रेणी ‘ए’ और चरित्र प्रमाणपत्र ‘उत्कृष्ट/अति उत्कृष्ट’ होना चाहिए। नियुक्ति से पहले चिकित्सा जांच के साथ चरित्र एवं पूर्ववृत्त और शैक्षणिक, आयु, जाति/श्रेणी समेत सभी जरूरी प्रमाणपत्रों का सत्यापन किया जाएगा।

15 दिन की ट्रेनिंग, एक साल की नियुक्ति

चयनित उम्मीदवारों को 15 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। नियुक्ति एक वर्ष या नियमित नियुक्तियां होने तक, जो भी पहले हो, के लिए की जाएगी।

ड्यूटी के दौरान असाधारण साहस का प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई में मृत्यु होने पर परिवार को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का प्रावधान है। स्थायी दिव्यांगता पर एक से तीन लाख रुपये, गंभीर चोट पर अधिकतम एक लाख रुपये और प्राकृतिक मृत्यु की स्थिति में परिवार को तीन लाख रुपये दिए जाएंगे।

जिलेवार आवेदन की तारीख तय

उम्मीदवारों को निर्धारित तारीख पर सुबह 9 बजे पुलिस लाइन दूरसंचार, सेक्टर-25 के सामने, गांव मोगीनंद के पास, पंचकूला में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा।

  • 24 अगस्त: पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल
  • 25 अगस्त: सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, भिवानी और चरखी दादरी
  • 26 अगस्त: गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात (नूंह), पलवल, रेवाड़ी और नारनौल
  • 27 अगस्त: हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, हांसी, जींद और डबवाली

अधूरे आवेदन अथवा संबंधित जिले के लिए निर्धारित तारीख के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उम्मीदवारों को मूल दस्तावेजों के साथ सत्यापित प्रतियों का निर्धारित सेट और चार पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो भी साथ लाने होंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m