शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र में देर रात गलत तरीके से बाइक चलाने को लेकर उपजा एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। बेखौफ 10 से 12 बदमाशों ने एक होटल के अंदर घुसकर न सिर्फ कुछ युवकों पर जानलेवा हमला किया, बल्कि बीच-बचाव करने आए होटल स्टाफ को भी बेरहमी से पीटा। इस पूरी वारदात का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है।

बाइक चलाने के विवाद में होटल बनी ‘अखाड़ा’

मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत सड़क पर गलत तरीके से बाइक चलाने को लेकर हुई थी। आरोपियों के आक्रामक रुख को देखते हुए पीड़ित युवक अपनी जान बचाने के लिए भागकर पास के ही एक होटल के अंदर छुप गए थे। लेकिन बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे धारदार हथियारों से लैस होकर होटल के भीतर तक घुस गए। होटल के अंदर दाखिल होते ही बदमाशों ने तांडव मचाना शुरू कर दिया। उन्होंने छिपे हुए युवकों को ढूंढकर उन पर हमला बोल दिया। जब होटल के कर्मचारियों ने स्थिति को संभालने और युवकों को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी जमकर मारपीट की।

पीड़ित AIIMS में भर्ती

पीड़ित युवक ने बताया कि बदमाशों का कहर यहीं नहीं रुका। होटल के अंदर लहूलुहान करने के बाद आरोपी उन्हें घसीटते हुए होटल से बाहर ले आए और सड़क पर भी उन पर लगातार वार करते रहे। आरोपियों ने पहले हमें होटल के अंदर घेरा और पीटा। जब हम जैसे-तैसे जान बचाने की कोशिश कर रहे थे, तो वे हमें बाहर खींच लाए और दोबारा हमला किया। हमले में मेरी गर्दन और शरीर के कई अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। इस प्राणघातक हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तुरंत भोपाल के एम्स (AIIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही मिसरोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज के आधार पर हमलावर बदमाशों की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m