दिल्ली सरकार ने होली और दीवाली पर राशन कार्ड धारकों को मुफ्त गैस सिलेंडर देने का फैसला किया है। इस योजना का लाभ एलपीजी के साथ-साथ PNG कनेक्शन धारकों को भी मिलेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को महंगाई से राहत देने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्रिमंडल ने इस योजना को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत वर्ष 2026 से दिल्ली के सभी राशन कार्ड धारक परिवारों को हर साल दो एलपीजी सिलेंडर के बराबर आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। सरकार का मानना है कि इस फैसले से त्योहारों के दौरान घरेलू खर्च का बोझ कम होगा और जरूरतमंद परिवारों को सीधी राहत मिलेगी।

डीबीटी स्कीम के जरिए मिलेगा पैसा

सरकार के मुताबिक यह योजना दिल्ली सरकार की लक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह कल्याण नीति का हिस्सा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सिलेंडर की निर्धारित राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से परिवार के मुखिया के आधार-सीडेड बैंक खाते में सीधे भेजी जाएगी, ताकि लाभ में किसी तरह की गड़बड़ी न हो।

दिल्ली सरकार के अनुसार, फिलहाल राजधानी में एलपीजी सिलेंडर की कीमत 853 रुपये प्रति सिलेंडर है। वहीं, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आने वाले लाभार्थियों को केंद्र सरकार की 300 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी को समायोजित करने के बाद दिल्ली सरकार की ओर से 553 रुपये प्रति सिलेंडर की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से त्योहारों के मौके पर जरूरतमंद परिवारों को सीधी राहत मिलेगी और महंगाई के असर को कम करने में मदद मिलेगी।

दिल्ली में भाजपा सरकार के गठन के बाद से ही लोग इस योजना के लागू होने का इंतजार कर रहे थे। इस मुद्दे को लेकर विपक्षी दल आम आदमी पार्टी और कांग्रेस लगातार सरकार पर सवाल उठाते रहे हैं। विपक्ष का आरोप था कि चुनावी वादों के बावजूद योजना को लागू करने में देरी हो रही है। वहीं, सरकार का दावा है कि इस योजना से आर्थिक रूप से पिछड़े और कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। सरकार का कहना है कि त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले घरेलू खर्च को कम करने और महंगाई के असर को सीमित करने की दिशा में यह एक अहम कदम है।

गैर-उज्ज्वला कनेक्शनधारकों को भी लाभ

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के दायरे में न आने वाले राशन कार्ड धारक परिवारों को 853 रुपये प्रति सिलेंडर की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार यह राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में भेजेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य होली और दीवाली जैसे त्योहारों के दौरान परिवारों की गरिमा बनाए रखना और उन्हें वास्तविक राहत प्रदान करना है। सरकार का मानना है कि इस कदम से जरूरतमंद परिवार बिना अतिरिक्त आर्थिक दबाव के त्योहार मना सकेंगे।

चुनाव से पहले जो वादा किया उसे निभाया

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि चुनाव से पहले पार्टी ने जो वादे किए थे, उन्हें दिल्ली सरकार लगातार पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि होली और दीवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर योजना के लिए सरकार ने 242 करोड़ रुपये का फंड स्वीकृत कर दिया है, जिससे राजधानी में त्योहारों पर मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हो गया है।

सचदेवा ने कहा कि भाजपा की चुनावी घोषणा थी कि होली और दीवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर दिया जाएगा और सरकार ने अब इस वादे को जमीन पर उतार दिया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने निर्णय लिया है कि हर राशन कार्ड धारक परिवार के बैंक खाते में 853 रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे, ताकि उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार थोड़ा आगे-पीछे भी सिलेंडर लेकर मुफ्त गैस का लाभ उठा सकें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m