गंजम। ओडिशा में चक्रवात और बाढ़ राहत वितरण के बीच राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। बीजू जनता दल (BJD) ने गुरुवार को आसका से भाजपा विधायक सरोज पाढ़ी के खिलाफ गंजम जिला परिषद के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) समीर जेना (IAS) के साथ बदसलूकी और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

गंजम जिला युवा बीजेडी अध्यक्ष नचिकेता स्वाईं के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आसका पुलिस स्टेशन पहुंचकर विधायक के खिलाफ लिखित प्राथमिकी दर्ज कराई।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, यह घटना बुधवार शाम को उस समय हुई जब गंजम जिला परिषद के सीडीओ समीर जेना और विधायक सरोज पाढ़ी के बीच प्रभावितों को बांटी जाने वाली राहत सामग्री की आपूर्ति को लेकर तीखी बहस हो गई।

बीजेडी का आरोप है कि कहासुनी के दौरान विधायक ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।

बीजेडी ने यह भी आरोप लगाया कि चक्रवात पीड़ितों के लिए आई सरकारी राहत सामग्री की हेराफेरी करने और उसे मनमाने ढंग से बांटने की साजिश रची जा रही थी। जब अधिकारी ने नियमों का पालन करने की बात कही, तो विधायक गुंडागर्दी पर उतर आए।

बीजेडी प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और कर्तव्य पर तैनात वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी से बदसलूकी करने के जुर्म में विधायक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि चक्रवात ‘अर्णव’ और उसके बाद आई बाढ़ के कारण गंजम जिले में व्यापक नुकसान हुआ है, जहां प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच राहत कार्यों के समन्वय को लेकर लगातार तनाव की स्थिति देखी जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H