शिवा यादव, सुकमा। जिले के ग्राम पंचायत पुनपल्ली में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम की पारंपरिक सामाजिक और सांस्कृतिक व्यवस्था, सामुदायिक हित और स्थानीय स्तर पर धार्मिक गतिविधियों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। ग्राम सभा में लिए गए निर्णयों को सार्वजनिक करने के लिए ग्राम पंचायत पुनपल्ली में विशेष ग्राम सभा का सूचना पटल भी लगाया गया है।

निर्णय क्रमांक 6 को विशेष रूप से किया गया पारित

विशेष ग्राम सभा में पारित निर्णय क्रमांक 6 में ग्राम सभा द्वारा भारतीय संविधान के अनुच्छेद 244(1), पाँचवीं अनुसूची, पेसा अधिनियम 1996 के साथ संशोधित छत्तीसगढ़ पेसा कानून 2022 का उल्लेख करते हुए अनुसूचित क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों और भूमि से संबंधित एक प्रस्ताव पारित किए जाने की जानकारी दी गई है।

ग्राम सभा के प्रस्ताव में कहा गया है कि ईसाई और धर्मांतरित व्यक्तियों के शव दफनाने, चर्च के लिए प्रार्थना सभा और चंगाई सभा के लिए ग्राम सभा की भूमि उपलब्ध नहीं कराने, ईसाई और धर्मांतरित व्यक्तियों को ग्राम सभा की एक इंच भी जमीन नहीं देने का प्रस्ताव पारित किया गया है।

जनपद सदस्य मड़कम भीमा ने बताया कि “ग्राम सभा ने अपनी पारंपरिक व्यवस्था, सामाजिक एकता और सामुदायिक हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया है। ग्राम सभा के निर्णयों का सम्मान हो और सभी विषयों का समाधान विधि एवं संवैधानिक प्रक्रिया के अनुरूप हो यही हमारी प्राथमिकता है।”

उन्होंने ग्राम सभा के निर्णयों के पालन और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून के अनुसार कार्रवाई किए जाने पर जोर दिया। ग्राम सभा द्वारा पारित उक्त निर्णय को सूचना पटल के माध्यम से सार्वजनिक किया गया है, ताकि ग्रामीणों एवं संबंधित व्यक्तियों को ग्राम सभा के निर्णय की जानकारी हो सके।

सूचना पटल पर धार्मिक प्रचार और गतिविधियों के संबंध में निर्णय

ग्राम पंचायत पुनपल्ली में लगाए गए सूचना पटल पर कहा गया है कि पास्टर/पादरी, ईसाई धर्म प्रचारकों द्वारा धर्मांतरण, प्रार्थना सभा एवं अन्य गतिविधियों के लिए ग्राम पुनपल्ली में प्रवेश वर्जित रहेगा। सूचना पटल में ग्राम सभा द्वारा पेसा कानून के अंतर्गत ग्राम की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं, रीति-रिवाजों एवं सामाजिक विरासत के संरक्षण का उल्लेख किया गया है। सूचना पटल पर ग्रामीणों से ग्राम सभा के निर्णय एवं स्थानीय कानूनों का सम्मान करने का अनुरोध भी किया गया है।

ग्राम सभा ने स्थानीय व्यवस्था और सामुदायिक हित पर दिया जोर

विशेष ग्राम सभा में ग्राम की पारंपरिक व्यवस्था, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक पहचान और सामुदायिक हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। ग्राम सभा के निर्णयों को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किए जाने के माध्यम से ग्रामीणों एवं संबंधित व्यक्तियों को स्थानीय निर्णयों की जानकारी दी गई है।

ग्राम सभा द्वारा पारित निर्णयों के संबंध में किसी भी विवाद या कानून-व्यवस्था की स्थिति में संबंधित प्रशासनिक एवं विधिक अधिकारियों को सूचना देने तथा निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करने की बात भी कही गई है।

विशेष ग्राम सभा में प्रमुख रूप से सरपंच सोनमती माड़वी, ग्राम सभा अध्यक्ष बारसे सोमा, उपसरपंच मुचकी नंदा, ग्राम पटेल बारसे पांडु, पूर्व सरपंच मीडियम जोगा, वार्ड पंच पोडियम भीमा, ग्राम पुजारी बारसे मल्ला सहित जनपद पंचायत सदस्य मड़कम भीमा और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H