अनुज पांडेय, गोपालगंज। जिले के नगर थाना क्षेत्र के बंजारी मोड़ स्थित ‘होटल राजीव रीजेंसी’ में शनिवार की रात बाइक की चाबी को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। होटल के दो कर्मचारियों ने रेस्टोरेंट कैप्टन अनीश सिंह (22) पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए एक अन्य कर्मचारी सोनू कुमार (18) भी इस घटना में घायल हो गया।
​मृतक अनीश सिंह हथुआ थाना क्षेत्र के टड़वा गांव निवासी दिवंगत बिजेंद्र सिंह का पुत्र था और पिछले तीन महीने से होटल राजीव रीजेंसी में रेस्टोरेंट कैप्टन के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के दो आरोपियों राहुल कुमार और गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

​बर्थडे पार्टी के बाद बढ़ा विवाद

होटल कर्मियों के अनुसार, शनिवार की रात आरोपी राहुल कुमार का जन्मदिन था। पार्टी खत्म होने के बाद राहुल ने अनीश से बाइक की चाबी मांगी। अनीश ने नियम का हवाला देते हुए चाबी काउंटर पर जमा करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि होटल के किचन में राहुल कुमार और गौतम कुमार ने अनीश पर चाकू से हमला कर दिया। अनीश की पीठ पर चाकू से तीन वार किए गए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आए उसरी गांव निवासी सोनू कुमार के हाथ में भी चोट आई।

​गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

घटना के बाद गंभीर रूप से जख्मी अनीश को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए गोरखपुर रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में ही अनीश ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल सोनू का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।

​परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन

अनीश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने होटल के बाहर शव रखकर धरना शुरू कर दिया और होटल मालिक व पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग की। घटना के बाद से होटल परिसर में अफरातफरी का माहौल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।