हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। कृष्णा बाग कॉलोनी में नवरात्रि पर आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान रास्ते को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। विवाद के बाद आक्रोशित रिटायर्ड फौजी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक के पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता और उसके बेटे को मौके से हिरासत में ले लिया है।

रास्ते के विवाद से शुरू हुई बात

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना बीती रात करीब सवा 10 बजे एमआईजी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कृष्णा बाग कॉलोनी की है। गरबा आयोजन के दौरान गली के रास्ते में कुछ महिलाएं और बच्चे कुर्सियां लगाकर बैठे हुए थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला केशव वहां से निकला, जिसे रास्ते को लेकर स्थानीय लोगों से आपत्ति हुई और बात बढ़ गई।देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक, गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई।

बेटा घर पहुंचा, पिता ने लाइसेंसी हथियार से की फायरिंग

विवाद के बाद केशव ने तुरंत घर जाकर पूरी घटना की जानकारी अपने पिता नीरज को दी, जो कि रिटायर्ड आर्मी जवान बताए जा रहे हैं। बेटे की बात सुनकर आग बबूला हुए नीरज अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर तुरंत मौके पर पहुंच गए। गुस्से में आकर उन्होंने कथित तौर पर 2 से 3 राउंड फायर कर दिए। इस दौरान वहां मौजूद रक्षित नामक युवक के पेट में गोली जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई इस गोलीबारी से गरबा पंडाल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी दहशत फैल गई।

अस्पताल में भर्ती घायल, पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा

घटना की सूचना मिलते ही एमआईजी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और बिना देर किए घायल रक्षित को इलाज के लिए तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसका उपचार जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रिटायर्ड फौजी नीरज और उसके बेटे केशव को मौके से ही हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं (तहत धारा 109 बीएनएस आदि) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है और लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग को लेकर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m