कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार के राजस्व विभाग ने अब जमीन के दाखिल खारिज को लेकर महाअभियान चलाने का निर्णय किया है। इसकी जानकारी देते हुए मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि, 11 जून से लेकर 17 जून तक सभी प्रखंडों में महा अभियान चलाकर दाखिल खारिज के कार्य पूरे किए जाएंगे।

अच्छा काम करने वालों का होगा सम्मान

मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि, जो भी अधिकारी लापरवाही बरतेंगे, उन सभी के खिलाफ कारवाई होगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, जो अधिकारी अच्छा काम करेंगे उन्हें विभाग द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा। जैसा कि हम करते रहे हैं। मंत्री कहा कि, 46 लाख से अधिक आवेदन आए हैं, सभी को स्कैन कर डाउनलोड किया जा रहा है और जल्द ही सभी का निष्पादन भी किया जाएगा।

लंबित मामलों को लेकर सख्त है विभाग

आपको बता दें कि दिलीप कुमार जायसवाल ने राजस्व के लंबित मामलों को लेकर सख्त रुख अपनाया हुआ है। बीते 29 मई को एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उन्होंने विभाग से जुड़े अधिकारियों को साफ और सख्त चेतावनी देते हुए कहा था कि 15 दिनों के अंदर हर हाल में दाखिल-खारिज, परिमार्जन, ई-मापी, अभियान बसेरा और जन शिकायतों से जुड़े लंबित मामलों का निस्तारण हो जाना चाहिए। यदि इस अवधि के बाद जब समीक्षा होगी और फिर ऐसे मामले सामने आते हैं, तो लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ एक्शन लिया जा सकता है।

अब तक 32 के खिलाफ एक्शन

दिलीप जायसवाल ने साफ तौर पर कहा है कि विभाग में भ्रष्टाचार, मनमानी और जनता के कामों में अनावश्यक देरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आपको बता दें कि अब तक लापरवाही बरतने के मामले में 32 राजस्व एवं अंचल अधिकारियों के खिलाफ विभागीय एक्शन लिया जा चुका है।

ये भी पढ़ें- दिवालिया होने के कगार पर बिहार! आकस्मिकता निधि से 𝟑,𝟔𝟔𝟐 करोड़ निकालने पर तेजस्वी का बड़ा बयान