सुमन चौहान, करनाल। जिला सचिवालय सभागार में सोमवार को पंचायत विकास कार्यों को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने की। इसमें लाइब्रेरी, तालाब, विलेज प्रोफाइल, बजट और ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिले की 395 ग्राम पंचायतों में लाइब्रेरी सुविधा की वास्तविक स्थिति की पूरी रिपोर्ट जल्द तैयार कर प्रस्तुत की जाए। उपायुक्त ने कहा कि जिन गांवों में लाइब्रेरी भवन है लेकिन संचालन शुरू नहीं हुआ, जिन पंचायतों के पास भवन नहीं है या जमीन उपलब्ध नहीं है, उन सभी का सटीक डेटा कल तक उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गांव तक पुस्तकालय सुविधा पहुंचाना है।
उपायुक्त ने विलेज प्रोफाइल और बजट रिपोर्ट भी एक जून तक तैयार कर पेश करने के निर्देश दिए। इसमें वेतन घटक सहित सभी वित्तीय आंकड़े शामिल करने को कहा गया है।
बैठक में तालाबों की खुदाई और उनमें साफ पानी भरने के कार्य की समीक्षा भी हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यह काम अगले महीने के पहले पखवाड़े तक पूरा कर लिया जाए।
इसी दौरान इंद्री में बन रहे स्विमिंग पूल को लेकर भी चर्चा हुई। पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता ने बताया कि परियोजना पर अब तक करीब 5.50 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि 36 लाख रुपये का कार्य बाकी है। उपायुक्त ने साफ कहा कि जून 2026 के अंत तक स्विमिंग पूल हर हाल में शुरू होना चाहिए।
बैठक में वंचित समाज की चौपालों की मरम्मत को लेकर भी निर्देश जारी किए गए। बीडीपीओ को ऐसे भवनों की सूची 10 जून तक उपलब्ध कराने को कहा गया। उपायुक्त ने बताया कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के निर्देशानुसार डी-प्लान के तहत 10 करोड़ रुपये चौपालों और ग्रामीण पुस्तकालयों के विकास पर खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा नीलोखेड़ी के गांव कमालपुर में सीमांकन कार्य 15 दिन में पूरा करने और सुभरी गांव में अवैध कब्जे हटाने के निर्देश भी दिए गए।

