० ईआरओ एवं एसडीएम शिवजीत भारती ने एईआरओ एवं चुनाव सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, मतदाताओं से बीएलओ का सहयोग करने की अपील
राजेश वर्मा ,नारायणगढ़। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान का संशोधित कार्यक्रम जारी किए जाने के बाद 03-नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं एसडीएम शिवजीत भारती ने सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और चुनाव सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक लेकर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम शिवजीत भारती ने सभी एईआरओ को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियुक्त बीएलओ के माध्यम से एएसडीडी (Absent, Shifted, Death, Duplicate) सूची तैयार कराएं तथा उसे सभी राजनीतिक दलों के बीएलए-2 के साथ बैठक कर साझा करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन तैयार हो सके।
24 जुलाई तक बढ़ी गणना चरण की अवधि
एसडीएम शिवजीत भारती ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में एसआईआर अभियान के गणना चरण की अवधि 24 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी है। इससे ऐसे मतदाताओं को भी अवसर मिलेगा, जिनके गणना प्रपत्र अब तक जमा नहीं हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि इस अतिरिक्त समय का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है।
मतदाताओं से सहयोग की अपील
एसडीएम ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ का पूरा सहयोग करें। घर-घर पहुंचाए जा रहे गणना प्रपत्रों को सही जानकारी के साथ भरकर जल्द जमा कराएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही स्वच्छ, सटीक और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सकती है, जो लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
बैठक में नायब तहसीलदार सुनील कुमार, बीडीपीओ नारायणगढ़ जोगेश कुमार, बीडीपीओ शहजादपुर आस्था गर्ग, खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह, चुनाव कार्यालय से नीलम, सोनिया, सरताज सहित संबंधित अधिकारी एवं चुनाव सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

