आशुतोष द्विवेदी, रीवा। रीवा के सिविल लाइन थाने में उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब नशीली कफ सिरप के मामले में पकड़े गए आरोपी के समर्थन में भाजपा नेता बंसीलाल साहू अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। भाजपा नेता थाने के मुख्य गेट पर बैठकर विरोध करने लगे। इसी दौरान थाना प्रभारी विजय सिंह और भाजपा नेता के बीच तीखी बहस हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें TI भाजपा नेता को गेट से उठाते हुए नजर आ रहे हैं और दोनों के बीच तू-तड़ाक होती दिखाई दे रही है।

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने एक आइसक्रीम ठेले से 12 सीसी कोरेक्स सिरप बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में पुनीत साहू उर्फ पंकज को हिरासत में लिया है। इसी कार्रवाई के विरोध में भाजपा नेता बंसीलाल साहू समर्थकों के साथ थाने पहुंचे। उनका कहना है कि पुनीत साहू निर्दोष है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। भाजपा नेता पुलिस को आवेदन देकर अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन आरोप है कि जब उनकी सुनवाई नहीं हुई तो वे थाने के मुख्य गेट पर बैठ गए।

बीजेपी नेता ने पुलिस पर बदसलूकी के लगाए आरोप

इसी दौरान थाना प्रभारी विजय सिंह मौके पर पहुंचे और भाजपा नेता को गेट से उठाने का प्रयास किया। वायरल वीडियो में दोनों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। वीडियो में TI की ओर से भाजपा नेता को “नौटंकी मत करो, FIR ठोक दूंगा” कहते हुए सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। भाजपा नेता बंसीलाल साहू ने पुलिस पर बदसलूकी और अपमानित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वे सिर्फ निष्पक्ष जांच की मांग करने थाने पहुंचे थे, लेकिन उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह आपत्तिजनक है।

TI ने कही ये बात

वहीं थाना प्रभारी विजय सिंह का कहना है कि पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई की और मौके से 12 सीसी कोरेक्स सिरप बरामद की गई हैं। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। TI के मुताबिक, किसी को मामले में आपत्ति थी तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी बात रख सकता था, लेकिन थाने के मुख्य गेट पर बैठकर विरोध करना और पुलिस के काम में बाधा डालना उचित नहीं है।

जांच के बाद साफ होगी तस्वीर

उन्होंने स्पष्ट कहा कि थाने में किसी भी तरह के दबाव या भीड़ के आधार पर कार्रवाई नहीं होगी। पुलिस पूरे मामले की जांच नियमों के अनुसार करेगी और कानून व्यवस्था प्रभावित करने या नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल भाजपा नेता और थाना प्रभारी के बीच हुई इस तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। एक ओर भाजपा नेता पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं, तो दूसरी ओर पुलिस बरामदगी और कार्रवाई को नियमों के तहत बता रही है। अब पूरे मामले की जांच के बाद तस्वीर और साफ होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m