आशुतोष द्विवेदी, रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले की त्योंथर तहसील में नए तहसील भवन के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान भाजपा के दो नेताओं के बीच तीखा विवाद सामने आया। पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी और वर्तमान भाजपा विधायक सिद्धार्थ तिवारी के बीच शिलापट्टिका पर नाम नहीं होने को लेकर जमकर नोकझोंक हुई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों नेताओं के समर्थक भी आमने-सामने आ गए और कार्यक्रम स्थल पर नारेबाजी शुरू हो गई।

शिलापट्टिका पर नाम नहीं, पूर्व विधायक ने जताई नाराजगी

जानकारी के अनुसार, नए तहसील भवन की शिलापट्टिका और मंच पर बैठने की व्यवस्था में पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी का नाम शामिल नहीं था। इसी बात को लेकर वे नाराज हो गए और कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने वर्तमान विधायक सिद्धार्थ तिवारी और प्रशासनिक अधिकारियों पर अपनी अनदेखी किए जाने तथा अपमानित करने का आरोप लगाया।

इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। पूर्व विधायक ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि त्योंथर की जनता से उनका जुड़ाव रहा है और उन्हें इस तरह नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

समर्थकों की नारेबाजी से गरमाया माहौल

विवाद बढ़ने के साथ ही दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच भी नारेबाजी शुरू हो गई। कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया।

प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचा विवाद

त्योंथर में सामने आया यह विवाद अब स्थानीय राजनीति से आगे बढ़कर भाजपा के प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचने की चर्चा में है। लोकार्पण जैसे सार्वजनिक कार्यक्रम में पार्टी के दो नेताओं के बीच इस तरह की तकरार ने राजनीतिक हलकों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस पूरे घटनाक्रम को किस तरह लेता है और दोनों नेताओं के बीच उपजे विवाद को सुलझाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m