आशुतोष द्विवेदी, रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में बहुचर्चित कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में न्याय की मांग कर रहे परिजनों और प्रदर्शनकारियों पर पुलिस प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। पिछले 14 दिनों से लगातार कड़ाके की धूप और विपरीत परिस्थितियों में धरने पर बैठे मृतका के पिता रामशिरोमणि मिश्रा को पुलिस ने जबरन धरना स्थल से उठाकर अस्पताल पहुँचाया। वहीं, प्रदर्शन में शामिल अन्य समर्थकों को पुलिस अपनी गाड़ियों में भरकर रीवा कंट्रोल रूम ले गई।

टेंट और कुर्सियां भी पुलिस वाहनों में लादकर हटाई गईं

प्रशासन की यह कार्रवाई यहीं नहीं थमी। पुलिस बल ने धरना स्थल पर लगाए गए टेंट, बैनर और वहां रखी कुर्सियों को भी अपनी गाड़ियों में लादकर मौके से हटा दिया और पूरे धरना स्थल को पूरी तरह से खाली करा लिया। अचानक हुई इस अप्रत्याशित और सख्त कार्रवाई के बाद मौके पर भारी तनाव, भगदड़ और लोगों के बीच गहरा आक्रोश देखने को मिला।

न्याय की आस में 14 दिन से डटे थे लाचार पिता

गौरतलब है कि मृतका कल्पना मिश्रा के पिता रामशिरोमणि मिश्रा अपनी बेटी की संदिग्ध मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पिछले दो हफ्तों से अनवरत धरने पर बैठे हुए थे। अब पुलिस द्वारा बलपूर्वक धरना समाप्त कराए जाने के बाद एक बार फिर स्थानीय प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच सीधा टकराव और गतिरोध उत्पन्न हो गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m