अशुतोष द्विवेदी, रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल से लापरवाही की एक के बाद एक सनसनीखेज घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं एक बार फिर इलाज और मरीज की देखभाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है।
सतना निवासी अर्चना गुप्ता स्कूटी दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती हुई थीं। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में करीब पांच दिनों तक मरीज की उचित देखभाल नहीं की गई, जिसके बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई।
परिजनों का दावा है कि मरीज के शरीर में कीड़े पड़ने जैसी गंभीर स्थिति सामने आई है। इस मामले के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीज की देखभाल को लेकर परिजनों में भारी आक्रोश है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मरीज की हालत बिगड़ने के बावजूद डॉक्टर उन्हें दूसरे अस्पताल के लिए रेफर नहीं कर रहे थे। वहीं, आईसीयू में मरीज का वीडियो बनाए जाने को लेकर भी अस्पताल प्रबंधन की ओर से विरोध किए जाने की बात परिजनों ने कही है।
फिलहाल इस पूरे मामले ने संजय गांधी अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों की देखभाल पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मरीज की स्थिति और लगाए गए आरोपों को लेकर अस्पताल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है। आरोपों की वास्तविकता और इलाज में लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



