आशुतोष द्विवेदी, रीवा। Dead Body In Belivery Bag: जिले के सोहागी थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-30 स्थित सोहागी पहाड़ में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक संदिग्ध डिलीवरी बैग के अंदर करीब 35 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सोहागी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बैग को खोलकर जांच की तो उसके अंदर युवक का शव मिला।
पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेज दिया है।
संदिग्ध डिलीवरी बैग ने बढ़ाया रहस्य
बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर स्थानीय बच्चे और चरवाहे पहाड़ की ओर गए थे। इसी दौरान उन्हें जंगल के बीच एक डिलीवरी बैग पड़ा दिखाई दिया। बैग से तेज दुर्गंध आने पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैग खोला तो अंदर क्षत-विक्षत अवस्था में युवक का शव देखकर हड़कंप मच गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की, लेकिन फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
डिलीवरी बॉय होने की आशंका, लूट के एंगल से भी जांच
मृतक के शव का डिलीवरी बैग के अंदर मिलना मामले को और गंभीर बना रहा है। पुलिस इस आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है कि मृतक कहीं डिलीवरी कर्मचारी तो नहीं था। लूट के बाद हत्या किए जाने और शव को डिलीवरी बैग में रखकर सुनसान पहाड़ी क्षेत्र में फेंके जाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की वजह या मृतक की पहचान को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
उत्तर प्रदेश की सीमा से लगा है सोहागी क्षेत्र
सोहागी क्षेत्र उत्तर प्रदेश की सीमा से लगा हुआ है। ऐसे में पुलिस मामले की जांच में अंतरराज्यीय कनेक्शन की संभावना को भी ध्यान में रख रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक कौन है, वह कहां का रहने वाला था और शव को डिलीवरी बैग में रखकर सोहागी पहाड़ तक कौन लेकर आया।
3 से 4 दिन पुराना बताया जा रहा शव
सोहागी थाना प्रभारी कमलेश साहू के मुताबिक, पुलिस को शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि पहाड़ में एक बैग पड़ा है, जिससे तेज दुर्गंध आ रही है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो डिलीवरी बैग के अंदर करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिला। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया।
थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक तौर पर शव करीब 3 से 4 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस पहचान के साथ-साथ घटना की पूरी कड़ी जोड़ने और वारदात में शामिल संभावित आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


