धनेश, रेवाड़ी। जिले में नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका के लिए रविवार को मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। अंतिम आंकड़ों के अनुसार, धारूहेड़ा में 72.4 प्रतिशत और रेवाड़ी नगर परिषद क्षेत्र में 64.8 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

प्रशासन की कड़ी निगरानी के बीच मतदान प्रक्रिया सुबह से ही सुचारू रूप से चलती रही। समर्थकों के बीच छिटपुट कहासुनी और फर्जी वोटिंग की शिकायतों को छोड़कर कहीं भी किसी बड़ी अप्रिय घटना या पुनर्मतदान की सूचना नहीं मिली।
चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए डीसी अभिषेक मीणा और एसपी हेमेंद्र मीणा ने खुद मोर्चा संभाला। अधिकारियों ने रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम, केएलपी कॉलेज और धारूहेड़ा के विभिन्न बूथों का दौरा कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
डीसी ने पोलिंग पार्टियों को चुनाव आयोग के नियमों का सख्ती से पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। अब सभी उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है और मतगणना 13 मई को होगी।
