Rewari Murder News : रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी में बुधवार को दिनदहाड़े हुई हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। गांव गोकलगढ़ में बाइक सवार तीन हमलावरों ने मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान पर बैठे युवक मनोज पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
दुकान पर बैठे मनोज को बनाया निशाना
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मनोज अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे विशाल, महेंद्र और महेश ने उस पर गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग निकले।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
बताया जा रहा है कि मनोज और आरोपियों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी। इस मामले में एक अहम बात यह भी सामने आई है कि वारदात में शामिल बताए जा रहे तीनों आरोपी कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए थे। मृतक मनोज भी जमानत पर बाहर था। हालांकि, हत्या की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की पांच टीमें गठित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें बनाई हैं। आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की जा रही है।
दिनदहाड़े फायरिंग से सुरक्षा पर उठे सवाल
गांव में हुई इस वारदात के बाद लोगों में डर का माहौल है। लगातार सामने आ रही गोलीबारी और हत्या की घटनाओं ने इलाके की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयास जारी हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

