रेवाड़ी । शहर के बड़ा तालाब स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में शनिवार रात चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। एक युवक मंदिर के मुख्य द्वार का कुंदा तोड़कर अंदर घुस गया। हालांकि, उसकी गतिविधियां मंदिर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गईं।

मंदिर के पुजारी की नजर जब CCTV कैमरों पर पड़ी तो युवक मंदिर परिसर में घूमता दिखाई दिया। पुजारी ने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। शोर सुनते ही युवक घबरा गया और मंदिर से बाहर निकलकर फरार होने लगा।

मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस ने मंदिर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि युवक के मंदिर तक पहुंचने और वहां से फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके। साथ ही फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m