पूर्व मंत्री जसवंत सिंह बावल की गाड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी हिम्मत सिंह को जोधपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चोरी की यह गाड़ी शराब तस्करी (Liquor Smuggling) के उद्देश्य से खरीदी थी।

धनेश, रेवाड़ी। जिले में पूर्व मंत्री जसवंत सिंह बावल की स्कॉर्पियो चोरी मामले में सीआईए कोसली (CIA Kosli) की टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। एसआई सुभाष चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राजस्थान के जोधपुर से तीसरे आरोपी हिम्मत सिंह को गिरफ्तार किया। दरअसल, 28 मार्च की रात रेवाड़ी के सेक्टर-3 स्थित घर के बाहर से पूर्व मंत्री की काले रंग की स्कॉर्पियो चोरी हो गई थी। इस मामले में मॉडल टाउन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर पहले ही दो आरोपियों, रिछपाल और सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई गाड़ी भी बरामद कर ली थी।

तस्करी नेटवर्क का हुआ भंडाफोड़

पूछताछ के दौरान सामने आया कि यह महज साधारण चोरी नहीं थी, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा तस्करी नेटवर्क काम कर रहा था। आरोपी सुरेंद्र सिंह ने कबूल किया कि उसने अवैध शराब तस्करी के लिए अपने बेटे हिम्मत के साथ मिलकर यह गाड़ी मात्र 6 लाख रुपए में खरीदी थी। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने अब हिम्मत सिंह को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड (Police Remand) पर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं और उन्होंने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा

रेवाड़ी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से वाहन चोरों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी हिम्मत सिंह से गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे चोरी और तस्करी के अन्य मामलों का भी खुलासा होने की उम्मीद है। एसआई सुभाष चंद ने बताया कि इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी टीमें छापेमारी कर रही हैं। पूर्व मंत्री की गाड़ी बरामद होने और मुख्य आरोपियों के पकड़े जाने से जिला पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा हो रही है। फिलहाल, पुलिस मामले की अगली कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है ताकि पूरे गिरोह का सफाया हो सके।