रेवाड़ी: रेवाड़ी में तीज का त्योहार देकर बाइक से घर लौट रहे दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। कोटकासिम रोड पर बोलनी चौक के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान नितिन (21) और प्रिंस (20) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों भाई शनिवार को तीज का त्योहार देने बाइक से अपनी बहन के घर गांव संगवाड़ी गए थे। बहन को त्योहार देने के बाद देर रात दोनों बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान कोटकासिम रोड पर बोलनी चौक के पास उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही कसौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
एक तरफ परिवार में तीज की खुशियां थीं, लेकिन चंद घंटों बाद ही यह खुशी मातम में बदल गई। दो जवान भाइयों की एक साथ मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे ने पूरे क्षेत्र को भी झकझोर कर रख दिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


