धनेश विद्यार्थी, रेवाड़ी। हरियाणा विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोसली तहसील में तैनात एक पटवारी को 4,000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी राजस्व रिकॉर्ड में सुधार करने के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता से आरोपी पटवारी पहले ही 5,000 रुपए रिश्वत ले चुका था। इसके बावजूद उसने काम पूरा करने के लिए 4,000 रुपए अतिरिक्त रिश्वत की मांग की। इससे परेशान होकर शिकायतकर्ता ने हरियाणा विजिलेंस ब्यूरो से शिकायत की।शिकायत का सत्यापन करने के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया।
जैसे ही आरोपी पटवारी ने शिकायतकर्ता से 4,000 रुपए रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने अन्य लोगों से भी इसी प्रकार अवैध रूप से रिश्वत तो नहीं वसूली।
मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। विजिलेंस की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश माना जा रहा है। ब्यूरो ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तुरंत विजिलेंस विभाग को करें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
बाइट: जयपाल सिंह, इंस्पेक्टर विजिलेंस।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


