रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी में पति-पत्नी के विवाद का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक व्यक्ति महिला को बाल पकड़कर सड़क तक खींचता और उसके साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। महिला मदद के लिए चिल्लाती नजर आ रही है। पड़ोसियों के पहुंचने के बाद महिला को बचाया गया।

घटना बावल थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

वीडियो में महिला को सड़क पर खींचते दिखा पति

सामने आए वीडियो में व्यक्ति महिला का हाथ मरोड़ता और उसके साथ मारपीट करता दिखाई देता है। महिला इस दौरान मदद के लिए आवाज लगाती है। पास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। वीडियो में एक अन्य व्यक्ति भी मौके पर खड़ा नजर आ रहा है।

पति ने पत्नी पर मारपीट का आरोप लगाया

घटना के बाद पति अस्पताल पहुंचा। उसने आरोप लगाया कि पत्नी ने उसके साथ मारपीट की और लाठी से हमला किया। अस्पताल में उसका इलाज किया गया और मेडिको लीगल रिपोर्ट (MLR) तैयार की गई।

इसके बाद पति ने 19 जुलाई को बावल थाने में पत्नी के खिलाफ शिकायत दी। उसने आरोप लगाया कि पत्नी समय पर खाना नहीं देती और बात-बात पर झगड़ा करती है। पति का दावा है कि पिछले कुछ दिनों से पत्नी उसके साथ मारपीट भी कर रही थी और उसे जान का खतरा था।

पत्नी का आरोप- पति शराब पीकर करता है मारपीट

वहीं, पत्नी ने पति के आरोपों को खारिज करते हुए उस पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया। महिला का कहना है कि पति नियमित काम नहीं करता और घर आकर विवाद करता है।

महिला के मुताबिक, वह एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। घर का खर्च और तीन बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी भी वही उठा रही है। इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की जाती है।

पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर कार्रवाई शुरू की है। मामले में वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयानों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।