आरजी कर मेडिकल कॉलेज की ट्रेनी डॉक्टर के रेप और मर्डर मामले में पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। डॉक्टर के शव का कथित तौर पर जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराने के आरोप में पूर्व TMC विधायक निर्मल घोष को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को उन्हें उत्तर 24 परगना के खरदाह थाने से कोर्ट ले जाते समय गुस्साई भीड़ ने घेर लिया और उन पर जूते, चप्पल, अंडे और कीचड़ फेंके।
थाने के बाहर निर्मल घोष पर हमला
पुलिस सुरक्षा और RAF के जवानों के घेरे में निर्मल घोष को प्रिजन वैन तक ले जाया जा रहा था। इसी दौरान भीड़ ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की कोशिश की। सुरक्षा के लिए पुलिस ने उनके सिर पर हेलमेट लगाया था, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उन्हें निशाना बनाना जारी रखा। भीड़ ने उन्हें जूतों की माला भी पहनाई। निर्मल घोष के साथ पानिहाटी के पूर्व पार्षद संजीव मुखर्जी को भी विरोध का सामना करना पड़ा। मुखर्जी को एक दिन पहले गिरफ्तार किया गया था।
कोर्ट परिसर में लगे ‘चोर-चोर’ के नारे
जब दोनों आरोपियों को बैरकपुर सब-डिविजनल कोर्ट ले जाया गया, वहां मौजूद लोगों ने भी उनका विरोध किया। कोर्ट परिसर में प्रदर्शनकारियों ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। सामने आए वीडियो में दोनों आरोपियों के कपड़ों पर अंडे और कीचड़ के दाग दिखाई दिए। इस मामले में पानिहाटी नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष सोमनाथ दे भी आरोपी हैं, लेकिन वह फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
मृतका के पिता की शिकायत के बाद कार्रवाई
पुलिस की यह कार्रवाई मृतका के पिता की नई शिकायत के बाद हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि निर्मल घोष ने तत्कालीन विधायक के तौर पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए परिवार की इच्छा के खिलाफ डॉक्टर के शव का जल्द अंतिम संस्कार करवाया। मुख्यमंत्री द्वारा डॉक्टर की दूसरी बरसी पर जांच के निर्देश दिए जाने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज की।
परिवार ने लगाया सबूत मिटाने का आरोप
मृतका के परिवार का आरोप है कि शव का जल्द अंतिम संस्कार किए जाने से संभावित सबूतों को नुकसान पहुंचा और दोबारा पोस्टमार्टम की संभावना खत्म हो गई। परिवार लंबे समय से इस मामले में बड़े षड्यंत्र की आशंका जताता रहा है। आरजी कर अस्पताल में 9 अगस्त 2024 को ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या हुई थी। मामले में नागरिक स्वयंसेवक संजय रॉय को दोषी ठहराकर उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है।
अग्निमित्रा पॉल ने ममता बनर्जी की भूमिका पर उठाये सवाल
निर्मल घोष की गिरफ्तारी के बाद पश्चिम बंगाल में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष ने मामले की व्यापक जांच की मांग की है। भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने जांच एजेंसियों से तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि डॉक्टर के अंतिम संस्कार से जुड़े फैसलों में किन लोगों की भूमिका थी और क्या इस दौरान किसी तरह के सबूतों से छेड़छाड़ हुई थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


