० स्वास्थ्य विभाग ने गैर योजना मद से जारी किया फंड, दो माह की देरी के बाद वित्तीय संकट से मिलेगी राहत

रांची। लंबे इंतजार के बाद रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) को स्वास्थ्य विभाग से गैर योजना मद के तहत ₹450 करोड़ का फंड जारी कर दिया गया है। राशि मिलने से संस्थान के वित्तीय संकट से राहत मिलने की उम्मीद है और लंबित वेतन भुगतान के साथ मरीजों के इलाज एवं दैनिक संचालन पर होने वाले खर्च पूरे किए जा सकेंगे।

स्वास्थ्य विभाग ने फंड आवंटन संबंधी पत्र रिम्स प्रबंधन को भेज दिया है। सामान्य तौर पर यह राशि हर साल मई के अंत तक जारी हो जाती थी, लेकिन इस बार करीब दो महीने की देरी से फंड उपलब्ध कराया गया।

जून माह का लंबित वेतन जल्द मिलेगा
रिम्स में हर महीने कर्मचारियों के वेतन पर करीब ₹28 करोड़ खर्च होते हैं। ऐसे में अब जून माह का लंबित वेतन जल्द जारी होने की संभावना है। इसके अलावा आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की खरीद और अन्य जरूरी भुगतान भी किए जा सकेंगे।

वेतन में देरी का सबसे अधिक असर तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों पर पड़ा था। फंड मिलने के बाद उन्हें भी जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। रिम्स प्रबंधन का मानना है कि राशि मिलने से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक कार्यों के संचालन में भी तेजी आएगी।