भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह शुक्रवार को अलीगढ़ पहुंचे और महुआखेड़ा स्थित अपने होम ग्राउंड की पिच पर दीपक जलाकर पूजन किया. उन्होंने प्रशिक्षु खिलाड़ियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए लगातार अभ्यास और मेहनत करने का संदेश दिया.

अलीगढ़. भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रिंकू सिंह शुक्रवार को अपने गृह नगर अलीगढ़ पहुंचे. इस दौरान उन्होंने महुआखेड़ा स्थित अलीगढ़ स्पोर्ट्स एसोसिएशन के मैदान पर पिच का पूजन किया और दीपक जलाए. इसी मैदान पर अभ्यास करके उन्होंने भारतीय टीम तक का सफर तय किया है.

खिलाड़ियों को दिया संदेश

रिंकू सिंह ने पिच और स्टंप के ऊपर दीपक जलाकर दीपावली का उत्सव मनाया. उन्होंने मैदान में अभ्यास कर रहे युवा क्रिकेटरों को त्योहार की शुभकामनाएं दीं और उन्हें हनुमान चालीसा, 21-21 रुपये तथा अन्य उपहार भेंट किए.

इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत जरूरी है. उन्होंने प्रशिक्षु क्रिकेटरों को लगातार मेहनत करते रहने की सलाह दी और उम्मीद जताई कि भविष्य में उनमें से भी कोई खिलाड़ी इसी तरह पिच का पूजन करेगा.

इस मौके पर मौजूद क्रिकेटरों ने आईपीएल और एशिया कप में रिंकू सिंह के प्रदर्शन की सराहना की. रिंकू ने भी युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.

पांच दिवसीय दीपोत्सव

आयोजन संयोजक अर्जुन सिंह फकीरा ने बताया कि धनतेरस के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत हुई है. इसी आयोजन के तहत रिंकू सिंह से होम ग्राउंड की पिच का पूजन कराने का कार्यक्रम रखा गया था.

इससे पहले दोपहर में लिटिल चैंप्स क्रिकेट क्लब दिल्ली और जादौन राइडर्स के बीच 40-40 ओवर का मुकाबला खेला गया. मैच में जादौन राइडर्स ने दिल्ली की टीम को छह विकेट से शिकस्त दी.

जादौन राइडर्स की जीत

पहले बल्लेबाजी करते हुए लिटिल चैंप्स क्रिकेट क्लब दिल्ली की टीम 37.2 ओवर में 143 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इसके जवाब में जादौन राइडर्स ने 21.4 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया.

रिंकू सिंह ने इस मुकाबले के दौरान भी खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की.