क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी 4 दिसंबर को लखनऊ में होगी. दोनों की सगाई पिछले साल जून में हुई थी, जबकि जून 2026 में तय शादी पिता के निधन के बाद टाल दी गई थी.
लखनऊ. भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय हो गई है. दोनों का विवाह 4 दिसंबर को लखनऊ के एक होटल में होगा. प्रिया सरोज के पिता और केराकत विधानसभा सीट से विधायक तूफानी सरोज ने शादी की तारीख की पुष्टि की है.
लखनऊ में होगा विवाह
रिंकू सिंह अलीगढ़ के रहने वाले हैं, जबकि प्रिया सरोज मछलीशहर से सपा सांसद हैं. दोनों की सगाई पिछले साल जून में लखनऊ के सेंट्रम होटल में हुई थी, जिसमें परिवार के सदस्यों और करीबी रिश्तेदारों ने हिस्सा लिया था.
सगाई के बाद से ही दोनों की शादी को लेकर लगातार चर्चा होती रही. अब विवाह की तारीख और स्थान तय होने के बाद दोनों परिवारों में समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं.
जून में टली थी शादी
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी पहले जून 2026 में प्रस्तावित थी. हालांकि, रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का कैंसर से निधन होने के बाद शादी को आगे बढ़ा दिया गया था.
खानचंद सिंह की इच्छा अपने बेटे की शादी देखने की थी, लेकिन विवाह से पहले ही उनका निधन हो गया. इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से शादी की तारीख आगे बढ़ाई गई.
जुटेंगे क्रिकेटर और नेता
शादी समारोह में क्रिकेट जगत के कई लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. इसके अलावा देशभर से कई बड़े नेताओं के भी कार्यक्रम में पहुंचने की बात कही गई है.
समारोह में बॉलीवुड की हस्तियों के शामिल होने की भी जानकारी दी गई है. शादी की तारीख तय होने के बाद दोनों परिवारों में उत्सव का माहौल है और वैवाहिक कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं.



