Rishi Panchami 2026 : भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाए जाने वाले ऋषि पंचमी के पावन त्योहार पर सप्तऋषियों के पूजन के साथ-साथ आत्म-शुद्धि का विशेष महत्व है. इस दिन श्रद्धापूर्वक किए गए कुछ विशेष उपाय और नियमों का पालन करने से इंसान को जाने-अनजाने में हुए कायिक वाचिक और मानसिक दोषों से मुक्ति मिलती है.यदि इस पावन अवसर पर ऋषि पंचमी का पूरा पुण्य फल प्राप्त करना हैं. तो इन 5 प्रमुख उपायों को अवश्य करके देखें.
1. अपामार्ग से स्नान का महत्व
ऋषि पंचमी के दिन प्रात काल स्नान का विशेष महत्व होता है. इस दिन ‘अपामार्ग’ आंधीझाड़ा के पौधे की दातून करना और इसके पत्तों को जल में मिलाकर नहाना बहुत शुभ माना जाता है. शास्त्रों के अनुसार यह प्रक्रिया शरीर और मन को सभी प्रकार की नकारात्मक ऊर्जा से मुक्त कर पूर्ण शुद्धि प्रदान करती है.
2. सप्तऋषि आराधना का विशेष विधान
घर के पूजा स्थल पर चौक पूरकर सप्तऋषियों कश्यप, अत्रि, भारद्वाज, विश्वामित्र, गौतम, जमदग्नि, वशिष्ठ और माता अरुंधती की मूर्ति या चित्र स्थापित करें. उन्हें रोली, चंदन, अक्षत, धूप, दीप और सफेद पुष्प अर्पित करें. उसके बाद सप्तऋषियों का ध्यान करते हुए अर्घ्य दें और भूल-चूक के लिए क्षमा याचना करें.
3. पारंपरिक आहार और कंद-मूल का सेवन
ऋषि पंचमी के दिन आहार से जुड़े नियम बहुत कड़े और महत्वपूर्ण होते हैं. इस दिन हल से जुते हुए खेत का अनाज जैसे सामान्य गेहूं, चावल खाना पूरी तरह वर्जित माना गया है.इस दिन केवल बिना हल के उगने वाले पसई के चावल तिन्नी का चावल, सामा और कंद-मूल जैसे अरबी, रतालू, शकरकंद का ही सेवन करना चाहिए.
4. जरूरतमंदों की सहायता और दान
पूजा और व्रत की संपूर्णता के लिए दान का विधान जरुरी माना गया है. पूजन के बाद किसी ज्ञानी सुपात्र या ब्राह्मण को पसई के चावल, फल, वस्त्र और अपनी सामर्थ्य के अनुसार दक्षिणा का दान करें. माना जाता है कि इस दिन किया गया दान अक्षय पुण्य की प्राप्ति कराता है.
5. कथा श्रवण से जीवन में शुभता
ऋषि पंचमी के दिन व्रत कथा अवश्य रूप से सुना चाहिए. कथा सुनने के बाद मन ही मन अपने द्वारा पूर्व में हुए किसी भी नियम उल्लंघन या अनजाने दोष के लिए पश्चाताप करते हुए ऋषियों से क्षमा मांगनी चाहिए. सच्चे भाव से मांगी गई यह क्षमा मनुष्य के जीवन में सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करती है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



