एक जवान में मलेरिया की पुष्टि, गंभीर हालत वाले जवान को रिम्स रेफर करने की तैयारी

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया का खतरा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। शुक्रवार को दो और CRPF जवानों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें एक जवान की जांच में मलेरिया की पुष्टि हुई है, जबकि दूसरे जवान को तेज बुखार और अन्य लक्षणों के चलते भर्ती किया गया है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, एक जवान की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर करने की तैयारी की जा रही थी।

सुरक्षा बलों और स्वास्थ्य विभाग की बढ़ी चिंता

इससे पहले भी तीन CRPF जवानों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें से एक जवान की मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रहे मामलों ने सुरक्षा बलों और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।

स्थिति को देखते हुए CRPF ने अपने सभी कैंपों में स्वास्थ्य निगरानी बढ़ा दी है। जवानों की नियमित स्वास्थ्य जांच, मच्छररोधी उपाय और संक्रमण की रोकथाम के लिए विशेष एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग भी हालात पर नजर बनाए हुए है।