कुंदन कुमार/पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) आज अपने गौरवशाली सफर के 30वें वर्ष में प्रवेश कर गया है। 29 साल का सफल कार्यकाल पूरा करने पर पटना स्थित पार्टी कार्यालय में भव्य स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत पार्टी के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे।

​लालू का संकल्प: संघर्ष ही हमारी पहचान

​पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए लालू प्रसाद यादव ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि राजद का इतिहास संघर्षों से भरा रहा है। लालू ने जोश भरते हुए कहा हम लड़े हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट हों और पार्टी को और अधिक मजबूती प्रदान करें।

​भरत एनकाउंटर की गूंज और विरोध के सुर

​स्थापना दिवस के मंच से राजनीतिक मुद्दों के साथ-साथ ‘भरत एनकाउंटर’ का मुद्दा भी छाया रहा। समारोह में पहुंचे कलाकार छोटू छलिया ने अपने गीतों के माध्यम से सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब भरत ने सरेंडर कर दिया था, तो उसे गोली मारना गलत है। उन्होंने अपने चर्चित गीत ‘नाही चाली तोहरो तानाशाहीया, जागल बा बिहरिया’ के जरिए राज्य सरकार की नीतियों का विरोध किया और बिहार को जातिवाद के चश्मे से देखने का आरोप लगाया।

​भव्य तैयारियां और विशेष भोज

​पार्टी कार्यालय को दुल्हन की तरह सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी और बड़े-बड़े बैनर-पोस्टर कार्यकर्ताओं में उत्साह भर रहे हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए कार्यालय परिसर में 11 अत्याधुनिक एसी और 15 कूलर लगाए गए हैं ताकि किसी को परेशानी न हो। कार्यालय के बाहर ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। इस खास मौके पर पार्टी के तमाम बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए एक विशेष भोज का भी आयोजन किया गया है, जिसमें बिहार के पारंपरिक व्यंजनों की झलक देखने को मिल रही है।
​राजद का यह स्थापना दिवस न केवल पार्टी की उपलब्धियों को याद करने का दिन है, बल्कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने का एक बड़ा मंच भी साबित हो रहा है। लालू-तेजस्वी की जोड़ी एक बार फिर से मिशन मोड में नजर आ रही है।