Bihar Politics: सीएम नीतीश के राज्यसभा पद की शपथ लेने के बाद से दिल्ली से बिहार तक सियासी हलचल तेज है। एक तरफ जहां बीजेपी कोर कमेटी की होने वाली बैठक अचानक रद्द हो गई। वहीं, पटना लौटने पर जदयू मंत्री विजय चौधरी ने बिहार में नई सरकार बनने के सवाल पर कहा कि, सदस्यता ग्रहण करने से नई सरकार नहीं बनती, सरकार इस्तीफा देने से बनती है, शपथ लेने से नहीं। इंतजार कीजिए अभी समय है। इस बीच राजद ने बिहार विधान परिषद की खाली हुई एक सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है।

सोनू कुमार राय को राजद ने बनाया उम्मीदवार

राजद ने भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र, विधान परिषद के उपचुनाव के लिए सोनू कुमार राय को अपना प्रत्याशी बनाया है। सोनू राय के पिता लालदास राय भी एमएलसी रह चुके हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने आज शुक्रवार (10 अप्रैल) को सोनू कुमार राय को प्रत्याशी बनाए जाने की शुक्रवार को घोषणा की। आपको बता दें कि सोनू राय भोजपुर के मीरगंज के रहने वाले हैं और उनके पिता लालदास राय भी एमएलसी रह चुके हैं।

राधाचरण शाह के विधायक बनने पर खाली हुई सीट

बता दें कि जिस सीट पर उपचुनाव हो रहा है वह राधाचरण शाह की थी। उनके इस्तीफे के बाद यह खाली हुई है। राधाचरण शाह 2025 में हुए विधानसभा चुनाव में जदयू से विधायक चुने गए थे, जिसके बाद नियम के तहत उन्हें एमएलसी पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

12 मई को चुनाव, 14 को परिणाम

बता दें कि एमएलसी उप चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिसके तहत 16 अप्रैल को नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जो 23 अप्रैल तक चलेगा। वहीं, 24 अप्रैल को नामांकन पत्र की जांच और 27 अप्रैल तक नामांकन वापस लेने का मौका होगा। वहीं, 12 मई को मतदान होगा, जबकि 14 मई को चुनाव के परिणाम सामने आएंगे।

त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार

एमएलसी उपचुनाव मुकाबले के त्रिकोणीय होने के आसार दिख रहे हैं। RJD के मैदान में उतरने के बाद नजरें NDA पर टिक गई हैं, जहां से जदयू उम्मीदवार की चर्चा तेज है। वहीं, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी चुनाव में उतरने की तैयारी में है। ऐसे में यह चुनाव सीधा मुकाबला नहीं रह गया है।

ये भी पढ़ें- Bihar Top News Today: ‘CM नीतीश के साथ धोखा’, बीजेपी ने रद्द की बैठक, विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी