कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की सियासी लड़ाई और दिलचस्प हो गई है। भारतीय जनता पार्टी, राजद, जजद और जन सुराज के बाद अब राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) ने भी अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने तनवीर आलम को बांकीपुर विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।
प्रिंस पासवान ने सौंपा पार्टी सिंबल
पटना स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान RLJP के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रिंस पासवान ने तनवीर आलम को पार्टी का अधिकृत चुनाव चिन्ह (सिंबल) सौंपा। इस मौके पर उन्होंने उम्मीदवार को जीत की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सिंबल मिलने के बाद तनवीर आलम ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस और प्रिंस पासवान का आभार जताया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वह बांकीपुर की जनता के बीच विकास, जनसेवा और विश्वास के मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ेंगे और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को अपनी प्राथमिकता बनाएंगे।
कुल प्रत्याशियों की संख्या हुई पांच
RLJP द्वारा तनवीर आलम को चुनावी मैदान में उतारते ही अब बांकीपुर उपचुनाव के लिए लड़ने वाले कुल प्रत्याशियों की संख्या 5 हो गई है। राजद ने यहां से रेखा गुप्ता, बीजेपी ने कायस्थ बहुल क्षेत्र से अभिषेक कुमार सिन्हा और तेज प्रताप यादव की जजद ने वीणा मानवी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जनसुराज ने प्रशांत किशोर को यहां से मैदान में उतारकर चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है। फिलहाल सभी प्रत्याशी प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं और अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
राजद प्रत्याशी ने दाखिल किया नामांकन
बांकीपुर उपचुनाव के लिए आज गुरुवार (9 जुलाई) को राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता ने अपना नामांकन भी दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि, जनता महागठबंधन के साथ है। इस उपचुनाव में महागठबंधन की ही जीत होगी।
उन्होंने कहा कि, चालीस साल से बीजेपी ने यहां चुनाव जीता है, लेकिन अभी तक इस क्षेत्र का विकास नहीं हो पाया है। जनता परेशान है। महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। शिक्षा स्वास्थ्य व्यवस्था नगण्य है। ये काम मैं जितने के बाद करूंगी और हमें उम्मीद है कि जनता इस बार हमारा साथ देगी। राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता के नामांकन में महागठबंधन घटक दल से कांग्रेस और वाम दल के भी नेता मौजूद रहे।
बांकीपुर उपचुनाव कार्यक्रम
- नामांकन प्रक्रिया- 6 जुलाई से शुरू होकर 13 जुलाई तक।
- नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई।
- 30 जुलाई को होगा मतदान।
- 3 अगस्त को आएगा चुनाव का परिणाम।
ये भी पढ़ें- बिहार में ट्रक से भिड़ी कार बनी आग का गोला, दो लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत

