अनिल शर्मा, बराड़ा। क्षेत्र के होली बस अड्डे से बुडियो गांव तक लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़क का निर्माण कार्य आखिरकार पूरा हो गया है। सड़क बनने से स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है। इस अवसर पर समाजसेवी बलजीत सिंह बराड़ा ने हरियाणा सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
बलजीत सिंह ने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से इस सड़क की स्थिति बेहद खराब थी। जगह-जगह गड्ढे होने और बरसात के दौरान पानी भर जाने से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों तथा मुलाना स्थित एमएम हॉस्पिटल जाने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
व्यक्तिगत रूप से मिलकर ज्ञापन भी सौंपा
उन्होंने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री हरियाणा के मुख्यमंत्री सड़क निर्माण ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजने के साथ-साथ व्यक्तिगत रूप से मिलकर ज्ञापन भी सौंपा था।
बलजीत सिंह ने कहा कि उन्हें चंडीगढ़ से सूचना प्राप्त हुई है कि सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा सरकार, अंबाला जिला प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग का विशेष धन्यवाद व्यक्त किया उन्होंने कहा मैं शासन और प्रशासन का आभारी हूं, जिन्होंने मेरी लंबित शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लिया और क्षेत्र की जनता की सुविधा के लिए सड़क निर्माण कार्य पूरा कराया।
जन शिकायतों के समाधान का उदाहरण
यह मामला दर्शाता है कि जन समस्याओं के समाधान के लिए बनाए गए ऑनलाइन माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जा सकता है। मुख्यमंत्री सड़क निर्माण ऐप के जरिए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचा रहे हैं, जिससे विकास कार्यों में तेजी आ रही है।
सड़क निर्माण पूरा होने पर स्थानीय लोगों ने भी खुशी व्यक्त की है। उनका कहना है कि इससे आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। लोगों ने उम्मीद जताई कि समाजसेवियों की सक्रियता और प्रशासन की तत्परता से भविष्य में भी जनहित के कार्य इसी प्रकार तेजी से पूरे होते रहेंगे।

