अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. नगर के व्यस्ततम क्षेत्र में स्थित लगभग 50 से 60 वर्ष पुरानी जामा मस्जिद की ऊपरी हिस्से की ऊंची मीनार को बुधवार देर रात कारीगरों की मदद से सावधानीपूर्वक हटाया गया. यह कार्रवाई पीडब्ल्यूडी की ओर से कराए जा रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के तहत की गई. बताया जा रहा है कि मस्जिद का एक हिस्सा सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहा था, जिसके चलते प्रशासन और संबंधित पक्षों की सहमति से मीनार हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई.

मीनार काफी ऊंची और संवेदनशील होने के कारण प्रशासन ने किसी प्रकार का जोखिम न लेते हुए मशीनों के बजाय अनुभवी कारीगरों की सहायता ली. देर रात शुरू हुए इस अभियान में कारीगरों ने धीरे-धीरे मीनार के ऊपरी हिस्से को सुरक्षित तरीके से गिराया. इस दौरान आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही. घटना स्थल पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे. भीड़भाड़ वाले इलाके को देखते हुए पुलिस ने आसपास के लोगों की आवाजाही सीमित कर दी थी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके.

इसे भी पढ़ें : सड़क चौड़ीकरण को लेकर व्यापारियों की आवाज बुलंद, कहा- पहले नई जगह दें फिर पुरानी दुकानें हटाएं

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क चौड़ीकरण कार्य लंबे समय से चल रहा है और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कई पुराने निर्माणों को हटाया जा रहा है. प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सावधानीपूर्वक संपन्न कराई गई. देर रात तक चले इस अभियान को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा रही, हालांकि प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बनाए रखा.