देहरादून. उत्तराखंड में सड़कों को गड्ढामुक्त करने की डेडलाइन बदल गई है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 15 अक्टूबर तक लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं. पहले 31 अक्टूबर की डेडलाइन तय की गई थी. जिसे घटाकर 15 अक्टूबर कर दिया गया है. प्रमुख अभियंता के मुताबिक इस संबंध में सभी जिलों को निर्देश भेज दिया गया है. 5 सितंबर तक टेंडर और एग्रीमेंट पूरे होंगे. जिसके बाद सड़क मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा.

बता दें कि बीते सोमवार को भी मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए थे कि मानसून के दौरान आपदा अथवा अत्यधिक वर्षा के कारण जहां-जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, मार्ग अवरुद्ध या टूटे हैं तथा ड्रेनेज सिस्टम में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न हुई है, उनका जिलाधिकारी स्तर पर विस्तृत विवरण तैयार किया जाए. उन्होंने कहा ऐसे स्थानों का चिन्हीकरण कर मानसून समाप्त होते ही क्षतिग्रस्त सड़कों, मार्गों एवं ड्रेनेज व्यवस्था के पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए.

इसे भी पढ़ें : THDC टनल हादसे से प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है धामी सरकार, राहत-बचाव अभियान के आवश्यक सहायता देने का प्रयास जारी

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए थे कि मानसून समाप्त होते ही प्रदेश भर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान शुरू किया जाए. उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने जिलों में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करते हुए समिति गठित करें और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा था कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में मानसून के बाद और तेजी लाई जाए. उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों एवं ग्रामों में अभी तक इन शिविरों का आयोजन नहीं हुआ है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाए.