Lifestyle Desk- Bhuna Kathal Recipe : अभी कटहल का सीजन चल रहा है और कटहल को सेहत के लिए बहुत अच्छा माना जाता है. कटहल की सब्जी लोगों को खूब पसंद आती है, और इसे अच्छी तरह से मसाले के साथ बनाया जाये तो ये सब्जी चिकन की तरह लगती है. लेकिन अगर आपको सूखा कटहल खाना पसंद है तो एक बार भुना कटहल बनाकर खाएं. कटहल का भुना हुआ सूखा मसालेदार स्वाद सच में कमाल का होता है. बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम, ऊपर से स्मोकी फ्लेवर—खाने वाले उंगलियां चाटते रह जाएं. तो चलिए जानते हैं आसान और स्वादिष्ट भुना कटहल की रेसिपी.

सामग्री
कच्चा कटहल-500 ग्राम
प्याज -2 बारीक कटी
टमाटर- 2 बारीक कटे
अदरक-लहसुन पेस्ट-1 बड़ा चम्मच
हरी मिर्च-2
जीरा-1 छोटा चम्मच
हल्दी-1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर-1 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर-1 छोटा चम्मच
गरम मसाला-½ छोटा चम्मच
अमचूर-1 छोटा चम्मच
नमक -स्वादानुसार
सरसों का तेल-2–3 बड़े चम्मच
थोड़ा हरा धनिया
विधि
- कटहल काटते समय हाथ और चाकू पर तेल लगा लें ताकि चिपचिपाहट न लगे. कटहल के छोटे टुकड़े काटकर हल्का नमक और हल्दी डालकर 1 सीटी तक उबाल लें.
- उबले हुए कटहल को पानी से निकालकर सुखा लें. कड़ाही में थोड़ा तेल डालकर कटहल को मध्यम आंच पर अच्छे से सुनहरा होने तक भूनें. यहीं से इसका खास स्मोकी और रोस्टेड स्वाद आता है.
- दूसरी कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें. जीरा डालें, फिर प्याज डालकर गहरा सुनहरा भूनें. अब अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालें. इसके बाद टमाटर और सारे सूखे मसाले डालकर मसाला तब तक भूनें जब तक तेल अलग न होने लगे.
- भुना हुआ कटहल मसाले में डालकर 8–10 मिनट तक धीमी आंच पर चलाते हुए भूनें ताकि मसाला अच्छी तरह चढ़ जाए.
- ऊपर से गरम मसाला, अमचूर और हरा धनिया डालें. अगर और ज्यादा धुएंदार स्वाद चाहिए तो एक छोटा कोयला जलाकर कटोरी में रखकर घी डालें और 2 मिनट ढक दें. गरमा-गरम भुना कटहल को तंदूरी, रोटी,पराठे,दाल-चावल के साथ खाएं.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

