रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार में बीते दिनों फिल्म ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर नकली आयकर विभाग का अधिकारी बनकर चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई थी। जहां ठेकेदार राजकुमार मालवीय के घर से लगभग सवा करोड़ से ज्यादा का माल लेकर बदमाश भाग गए थे। पुलिस ने 10 घंटे में आरोपियों की पहचान कर ली और 48 घंटे में इस बड़ी वारदात का खुलासा किया। पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और वहीं 6 बदमाश फरार हैं।

13 मार्च को हुई थी वारदात
इंदौर संभाग IG अनुराग ने बताया कि जिले के बाग में 13 मार्च को यह सनसनीखेज घटना हुई थी। लूटे गए आभूषण, कैश, घटना में इस्तेमाल किया गया वाहन सहित कुल एक करोड़ 35 लाख 57 हजार रुपए का माल बरामद किया गया है। इसी तरह की घटना 12 मार्च को खंडवा के पामाखेड़ी में भी अंजाम दिया गया था। जिसके बाद संयुक्त टीम बनाई गई।
करणी सेना और महामंडलेश्वर लिखी नेम प्लेट से घूमते थे आरोपी
सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और यह पाया कि दोनों ही घटनाओं में स्कॉर्पियो का प्रयोग किया गया था और स्थानीय लोगों से रेकी करवाई गई थी। आरोपियों ने स्कॉर्पियो के साथ अर्टिगा गाड़ी का भी इस्तेमाल किया था और रेकी करने वालों ने बाइक से रेकी की थी। घटना में पुलिस को कार से करणी सेना और महामंडलेश्वर लिखी नेम प्लेट के साथ पुलिस की वर्दी भी मिली है। जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आरोपी कितने शातिराना अंदाज से घटना को अंजाम देते थे।

शहजाद खान मास्टरमाइंड
घटना का मास्टरमाइंड बेरछा निवासी शहजाद खान है। बदमाशों के पास से लूटा गया सारा सामान बरामद कर लिया गया है। बाग और खंडवा में हुई घटना में शामिल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में शाजापुर निवासी शहजाद, दिलीप, देवास निवासी राजा, मनावर निवासी दिनेश, बाग निवासी आबिद, रमेश और मनावर निवासी अयूब शाह शामिल हैं जिनसे पूछताछ में पुलिस टीम जुटी है। वहीं, यूपी के जालौन निवासी संजय, शाजापुर निवासी इकबाल, तन्मय, रंजीत और अब्दुल, उज्जैन निवासी मुरलीधर, फरार हैं जिन पर इनाम घोषित किया गया है।
आरोपियों से जब्त किया गया सामान
आरोपियों से एक करोड़ 5 लाख रुपए के सोने के जेवर, घटना में इस्तेमाल की गई तकरीबन 20 लाख कीमती ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो, 10 लाख कीमती अर्टिगा कार और 57 हजार कैश समेत एक करोड़ 35 लाख 57 हजार का माल जब्त किया है। आईजी ने जिले के अधिकारियों के द्वारा सर्वश्रेष्ठ काम किए जाने पर उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
यह है पूरा मामला
ब्राह्मण मोहल्ले में एमपीईबी के ठेकेदार राजकुमार मालवीय, उनकी पत्नी कृष्णा मालवीय और काम करने वाली बाई घर में मौजूद थे। सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर एक बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो में सवार होकर 5 बदमाश घर पहुंचे। पांच में से दो बदमाश खाकी वर्दी में थे, जबकि तीन सिविल ड्रेस में थे। उन्होंने घर में घुसते ही खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताया।
बदमाशों ने कहा, ‘तुमने बहुत माल कमाया है, तुम्हारे खिलाफ ब्लैक मनी की शिकायत मिली है।’ उन्होंने घरवालों को डराया और बिना कोई फाइल चेक किए घरों के कमरों में छानबीन शुरु कर दी। कुछ देर की छानबीन के बाद घर की अलमारी की चाबियां कृष्णा मालवीय से मांगी तो उन्होंने देने से इंकार कर दिया। जिसके बाद राजकुमार मालवीय ने जांच में सहयोग करने के इरादे से चाबियां दे दी।
बदमाशों ने अलमारी खोलने के बाद उसके रखा 50 तोलाे के सोने के जेवरात और ढाई से तीन लाख रुपये की नगदी और मोबाइल फोन लेकर कार से फरार हो गए। बदमाशों ने 15 से मिनट में ही पूरी वारदात को अंजाम दे दिया। जैसे ही आरोपी फरार हुए पीड़ित परिवार ने तुरंत पड़ोसियों को सूचित किया और पुलिस को खबर दी। बदमाशों का तरीका बिल्कुल पेशेवर था। आशंका है कि बदमाशों ने पहले यहां रैकी की उसके बाद ही वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने पहचान बताने के नाम पर घरवालों को धौंस दी और जांच के बहाने पूरा घर खंगाल डाला।
सूचना मिलते ही बाग थाना प्रभारी कैलाश चौहान बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बिना नंबर की स्कॉर्पियो और वर्दीधारी बदमाशों की लोकेशन ट्रेस करने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। शुरुआती जांच में आरोपी एक मोबाइल फोन रास्ते में फेंक गए। पुलिस के अनुसार उस मोबाइल की लोकेशन घटबोरी रोड के आसपास बताई जा रही है। धार साइबर टीम को भी बाग भेजा गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

