दिल्ली पुलिस (Delhi Police) अब संदिग्ध हथियारों और गोला-बारूद को सुरक्षित तरीके से उठाने के लिए रोबोट का इस्तेमाल करने की तैयारी कर रही है। पुलिस की स्पेशल सेल ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय में इस तकनीक का डेमो किया। इस रोबोट को रिमोट ऑपरेटेड व्हीकल (ROV) के नाम से जाना जाता है।रिमोट ऑपरेटेड व्हीकल की खासियत यह है कि इसे दूर से संचालित किया जा सकता है। यह करीब 8 किलो से लेकर 50 किलो तक के संदिग्ध पदार्थ को उठाकर एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने में सक्षम है।

स्पेशल सेल ने किया डेमो

आपातकालीन परिस्थितियों में यदि किसी स्थान पर संदिग्ध वस्तु, हथियार या गोला-बारूद मिलने पर उसे सीधे पुलिसकर्मियों द्वारा उठाना जोखिम भरा हो, तो ऐसे मामलों में इस रोबोट का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे पुलिसकर्मियों को संदिग्ध वस्तु के सीधे संपर्क में आने से बचाने में मदद मिलेगी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुख्यालय में अधिकारियों के सामने रोबोट की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया। इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में तकनीक की मदद से संदिग्ध वस्तुओं को सुरक्षित तरीके से संभालने की क्षमता को प्रदर्शित करना था।

संदिग्ध बम मिलने पर पुलिसकर्मी नहीं जाएंगे करीब

राजधानी में संदिग्ध विस्फोटक या बम जैसी वस्तु मिलने की स्थिति में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अब तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। इसी दिशा में दिल्ली पुलिस मुख्यालय में गुरुवार को दूर से संचालित होने वाले रोबोटिक वाहन का प्रदर्शन किया गया। इस डेमो का निरीक्षण स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी और उनकी टीम ने किया। टीम ने रोबोट की कार्यप्रणाली, उसकी वजन उठाने की क्षमता और आपातकालीन परिस्थितियों में उसके संभावित इस्तेमाल को देखा।

कई कंपनियों ने किया रोबोट का प्रदर्शन

डेमो के दौरान कई कंपनियों ने अपने रोबोटिक वाहनों को दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के सामने पेश किया। अधिकारियों ने इनकी क्षमताओं और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। खास तौर पर यह देखा गया कि संदिग्ध वस्तु मिलने की स्थिति में रोबोट उसे कितनी सुरक्षित तरीके से उठाकर दूसरी जगह ले जा सकता है।

खतरे को कम करने में मददगार साबित हो सकता है रोबोट

दिल्ली पुलिस संदिग्ध विस्फोटक या अन्य खतरनाक वस्तुओं से निपटने के लिए रिमोट ऑपरेटेड रोबोटिक वाहन के इस्तेमाल की तैयारी कर रही है। यह मशीन आपातकालीन परिस्थितियों में संदिग्ध पदार्थ को सुरक्षित तरीके से उठाने और निर्धारित स्थान तक ले जाने में मदद कर सकती है। किसी स्थान पर संदिग्ध बम, बारूद या अन्य खतरनाक वस्तु मिलने की स्थिति में रोबोट को मौके पर भेजकर उसे दूर से नियंत्रित किया जा सकेगा। इसके जरिए संदिग्ध वस्तु को संभालने में सीधे मानवीय हस्तक्षेप की जरूरत कम करने का प्रयास किया जाएगा। इस तकनीक का प्रमुख उद्देश्य संवेदनशील अभियानों के दौरान पुलिसकर्मियों को संभावित जोखिम से दूर रखना है। रोबोट संदिग्ध वस्तु के पास जाकर उसे उठाने या सुरक्षित स्थान तक ले जाने में इस्तेमाल किया जा सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m