भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा के बाद गुजरात की राजनीति में एक अनोखा मोड़ देखने को मिला है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में गुजरात से चार नेताओं को जगह दी गई है। इनमें भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में वडोदरा सांसद डॉ. हेमांग जोशी, पूर्व विधायक वर्षाबेन दोशी, अहमदाबाद के पूर्व शहर अध्यक्ष जगदीश पटेल और हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए रोहन गुप्ता का नाम शामिल है।
इस घोषणा के बाद गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने सोशल मीडिया पर एक बधाई संदेश साझा किया। उन्होंने डॉ. हेमांग जोशी, वर्षाबेन दोशी और जगदीश पटेल को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी, लेकिन रोहन गुप्ता का नाम इसमें पूरी तरह नदारद था। पूर्व मुख्यमंत्री की इस अनदेखी के बाद राज्य के राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गईं और इसे पार्टी के भीतर की खींचतान से जोड़कर देखा जाने लगा।
व्यक्तिगत परिचय न होना बताया कारण
मामले को तूल पकड़ता देख पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने विवाद को खारिज करते हुए कहा कि उनके बधाई न देने का कोई राजनीतिक कारण नहीं है। पटेल ने कहा, “रोहन गुप्ता से मेरा कोई व्यक्तिगत परिचय या संपर्क नहीं रहा है। वे कभी मुझसे मिलने भी नहीं आए।” सामाजिक शिष्टाचार का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि चूंकि उनकी आपस में जान-पहचान नहीं है, इसलिए उन्होंने अपने संदेश में उनका नाम शामिल नहीं किया।
राजनीतिक संदर्भ
रोहन गुप्ता को लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान अहमदाबाद पूर्व से कांग्रेस प्रत्याशी बनाया गया था, लेकिन उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया और बाद में भाजपा का दामन थाम लिया। पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय मीडिया टीम में जगह दी और अब राष्ट्रीय टीम में सचिव पद की जिम्मेदारी भी सौंपी है।
इसके बावजूद, गुजरात भाजपा के स्थानीय राजनीतिक समीकरणों में नए आए नेताओं और पुराने दिग्गज कार्यकर्ताओं के बीच का तालमेल अक्सर चर्चा का विषय बनता रहता है। नितिन पटेल के इस बयान से साफ है कि नए नेताओं को पार्टी की राष्ट्रीय टीम में तो जगह मिल गई है, लेकिन राज्य के कद्दावर नेताओं के साथ उनके रिश्ते मजबूत होना अभी बाकी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

