Patna NEET Student Death Case: पटना नीट छात्रा मौत मामले में नया मोड़ सामने आया है। दरअसल सीबीआई ने केस में जांच अधिकारी (IO) पवन कुमार श्रीवास्तव को बदल दिया है। उनकी जगह अब डीएसपी विभा कुमारी को मामले में नया आईओ नियुक्त किया गया है।

परिवार ने जांच टीम को वापस लौटाया

नई आईओ बनने के बाद विभा कुमारी बीते मंगलवार को अपनी टीम के साथ जहानाबाद में पीड़ित छात्रा के घर पहुंची थी, लेकिन परिजनों ने टीम को घर के अंदर नहीं घुसने दिया। छात्रा के परिजनों ने टीम से किसी भी विषय पर बातचीत करने से इंकार कर दिया, जिसके बाद टीम को वापस लौटना पड़ा। इस मामले को लेकर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सीबीआई जांच पर सवाल उठाया है।

लकीर की फकीर साबित हो रही सीबीआई- रोहिणी आचार्य

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- दिशाहीन जांच .. जांच की खानापूर्ति की आड़ में लीपापोती। रोहिणी ने लिखा कि, नीट छात्रा बलात्कार व् हत्या के मामले की जांच में सीबीआई भी बिहार पुलिस एवं बिहार पुलिस की एसआईटी ( SIT ) की तरह लकीर का फकीर साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि, सीबीआई के द्वारा जांच शुरू किए जाने के लगभग डेढ़ महीने बीत जाने के बाद भी सीबीआई किसी ठोस नतीजे पर पहुंचती नहीं दिख रही है, मामले की जांच में बरती जा रही कोताही एवं लापरवाही का आलम तो कुछ ऐसा है कि हरेक सुनवाई के दौरान माननीय न्यायालय के द्वारा जांच की प्रक्रिया पर तल्ख टिप्पणियां की जा रही हैं और न्यायालय की टिप्पणियों के पश्चात् सीबीआई को अपना आईओ तक बदलना पड़ रहा है।

रोहिणी ने सीबीआई पर उठाया सवाल

रोहिणी आचार्य ने आगे लिखा कि, बिहार पुलिस की तरह सीबीआई भी मृतका के परिजनों पर ही बार-बार पूछ-ताछ के नाम पर मामले को आत्महत्या का मामला कबूल कर लेने का दबाब बनाते हुए, उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है। जांच की दिशा न जाने किन वजहों और दबाबों की वजह से पूरी तरह से भटकी हुई है? क्यूं सीबीआई ने अभी तक सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने वालों, आरोपों के घेरे में आए हुए डॉक्टरों और अस्पतालों के संचालकों से पूछताछ नहीं की है?

रोहिणी ने लिखा कि, मृतका के परिजन शुरुआत से न्यायिक जांच की मांग कर रहे हैं और जांच की अब तक की दशा व् दिशा को देख कर भी यही लगता है कि अब न्यायिक जांच से ही न्याय मिलने की उम्मीद है , अन्यथा न्याय मिलना तो दूर की बात, मामला ठंढे बस्ते में जाता हुआ ही दिखता है।

जानें क्या है पूरा मामला?

दरअसल पटना में रहकर नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा जनवरी 2026 में संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। छात्रा कंकड़बाग इलाके में स्थित शंभू गर्ल्स हास्टल में संदिग्ध स्थिती में पाई गई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी मौत हो गई।

छात्रा की मौत के बाद उसके परिजनों ने अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म होने और उसकी हत्या किए जाने की बात कही। मामले को लेकर काफी बवाल हुआ। इस केस में पुलिस की भी भूमिका संदिग्ध नजर आई है, जिसके बाद मामला सीबीआई को सौंपा गया। हालांकि बावजूद इसके अभी तक इस मामले को लेकर कोई नतीजा सामने नहीं आया है।

ये भी पढ़ें- जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष: पिता ने बड़े बेटे के साथ मिलकर छोटे भाइयों पर किया हमला, एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल