Bihar Politics: माउंटेन मैन दशरथ मांझी की पुण्यतिथि पर मांझी और लालू परिवार के बीच शुरू हुआ विवाद बढ़ता ही जा रहा है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर लगातार टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे बिहार की सियासत में इस विवाद ने नया रंग ले लिया है। इस बीच रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर से जीतन राम मांझी पर तंज कसा है। रोहिणी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, मेरे लिए मेरे माता-पिता से बढ़ कर इस दुनिया में कोई और नहीं है।
उसी भाषा में मिलेगा जवाब- रोहिणी
रोहिणी आचार्य ने लिखा कि, मेरे माता-पिता पर अगर कोई अभद्र-अमर्यादित टिप्पणी करेगा तो मेरी तरफ से उसे उसी भाषा में जवाब मिलेगा, जिस भाषा में टिप्पणी की गई होगी। रोहिणी ने कहा कि, जीतन राम मांझी ने लालू यादव और राबड़ी देवी के बारे में किसी (तेजस्वी यादव) के उस बयान को संदर्भ में रख कर अभ्रद टिप्पणी की थी, जिस बयान से उन दोनों लोगों का कोई लेना-देना ही नहीं था। उन्होंने विषय से भटक कर बेवजह लालू यादव और राबड़ी देवी पर पूर्वाग्रह से ग्रसित हो कर बेहद ओछी टिप्पणी की, तो मेरी तरफ से एक बेटी होने के नाते उन्हें माकूल जवाब दिया जाना लाजिमी था।
रोहिणी ने कहा कि, मैं भाषा की मर्यादा का ख्याल रखना भी बखूबी जानती हूं और उनकी मर्यादा का ख्याल भी रखती हूं, जो अपनी बात मर्यादा के दायरे में रह कर रखा करते हैं।
मीडिया पर भी निकाली अपनी भड़ास
इस दौरान रोहिणी आचार्य ने मीडिया के प्रति भी अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि, रही बात कल से मीडिया के कुछ प्लेटफॉर्म्स पर चलाई जा रही एक बिल्कुल ही बेसिर-पैर के नरेटिव की, जिसमें कहा जा रहा है कि ” मैं किसी (तेजस्वी यादव) के बचाव में खड़ी हूं या ‘किसी’ का बचाव कर रही हूं। तो इस संदर्भ में मैं ये बिल्कुल ही स्पष्ट कर देना चाहती हूं कि मैं पल-पल अपनी राय बदलने वालों में से नहीं हूं, मेरे लिए जो गलत था या है, वो गलत ही था और रहेगा…चाहे वो कोई हो.. मैं अपने स्टैंड, अपनी राय, अपने विचार पर दृढ़ता से कायम रहने वालों में से हूं और आगे भी ऐसे ही रहने वाली हूं।
जानें क्या है पूरा मामला?
दरअसल दशरथ मांझी की पुण्यतिथि पर राजद कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की जुबान फिसल गई थी। उन्होंने दशरथ मांझी की जगह जीतन राम मांझी को श्रद्धांजलि दे दी। इसपर जीतन राम मांझी ने तंज कसते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “नशा शराब में होती तो नाचती बोतल”। लगता है बाबू साहब का रात वाला उतरा नहीं था।
यहीं से सारे विवाद की शुरुआत हुई। जीतन राम मांझी के तंज पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य बचाव में उतरी और फिर जीतन राम मांझी की बहु दीपा मांझी ने रोहिणी पर तंज कसा। इस विवाद को लेकर मांझी और लालू परिवार के बीच जुबानी जंग जारी है।
हालांकि रोहिणी का पोस्ट यह भी दर्शाता है कि भाई तेजस्वी यादव के साथ अभी भी उनका पारिवारिक मसला सुलझा नहीं है। गौरतलब है विस चुनाव 2025 के बाद रोहिणी ने राबड़ी आवास में खुद को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए घर से बाहर निकली थी, जिसके बाद से वह सिंगापुर में ही रह रही हैं।
ये भी पढ़ें- ‘मंहगाई मैन मोदी’, बढ़ती महंगाई के खिलाफ सर्व एकता मंच का प्रदर्शन, गले में पहनी प्याज की माला

