कुंदन कुमार, पटना। बिहार MLC चुनाव के नतीजों के बाद प्रदेश की राजनीति में नए गठबंधन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। दरअसल लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी यादव और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर को साथ आने की सलाह दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा और एनडीए को चुनौती देने के लिए दोनों नेताओं का एक साथ आना कारगर साबित हो सकता है।

रोहिणी ने विपक्ष को दी एकजुट होने की सलाह

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, विपक्ष के बिखरने से हमेशा बीजेपी को फायदा मिला है। अगर विपक्ष एकजुट होकर, सही रणनीति और मजबूत जनाधार के साथ चुनाव लड़े और वोटों का बिखराव रोके, तो बीजेपी को हराना पूरी तरह संभव है, क्योंकि एकजुट विपक्ष के पास अधिक मजबूत सामाजिक और राजनीतिक समीकरण हैं।

रोहिणी ने बताया NDA को हराने का फार्मूला

इसके अलावा रोहिणी आचार्य ने अपने एक अन्य पोस्ट में बिहार एमएलसी चुनाव में आए नतीजों का आकलन करते हुए लिखा, बिहार में हुए MLC चुनावों ने बिहार में BJP/ NDA को हराने का फार्मूला दे दिया है। TJ + PK = BJP/ NDA ZERO। (यहां पर TJ का आशय तेजस्वी और PK का प्रशांत किशोर से है।) उन्होंने कहा कि, राजद और जन सुराज को मिले वोट को अगर जोड़ दिया जाए तो BJP/NDA सभी 8 सीटों पर प्रथम चरण में ही हार जाएगी। PS: आगे आगे देखिए होता है क्या?

बीजेपी-राजद को 2-2 सीटों पर मिली है जीत

बिहार विधान परिषद (MLC) के 8 सीटों पर हुए चुनाव परिणाम की बात करें तो बीजेपी और राजद 2-2 सीटों पर कब्जा करने में सफल रही। वहीं, जदयू और जन सुराज ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की। जबकि तिरहुत स्नातक और सारण की शिक्षक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की।

बिहार MLC चुनाव 2026: 8 सीटों पर जीते उम्मीदवारों की सूची

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र

  1. पटना शिक्षक सीट — डॉ. संजीव कुमार (RJD)
  2. दरभंगा शिक्षक सीट — सुरेश प्रसाद राय (जन सुराज पार्टी)
  3. तिरहुत शिक्षक सीट — नरेंद्र प्रसाद सिंह (BJP)
  4. सारण शिक्षक सीट — राहुल राज (निर्दलीय)

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र

  1. तिरहुत स्नातक सीट — वंशीधर ब्रजवासी (निर्दलीय)
  2. पटना स्नातक सीट — नीरज कुमार (JDU)
  3. कोसी स्नातक सीट — डॉ. एनके यादव (BJP)
  4. दरभंगा स्नातक सीट — अनिल कुमार झा (RJD)

ये भी पढ़ें- बिहार में बाढ़ से लेकर खेती तक में होगा स्पेस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल, आधुनिक तकनीक पर जोर