रोहतक : हरियाणा के रोहतक में हुए सनसनीखेज अरमान हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने पूरी तरह सुलझा लिया है। इस पूरे मर्डर केस के पीछे की वजह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम की एक चैट बनी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है।
इंस्टाग्राम चैट से शुरू हुई दुश्मनी
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक अरमान, मुख्य आरोपी की बहन के साथ इंस्टाग्राम पर बातचीत किया करता था। दोनों के बीच की यह नजदीकी लड़की के भाई को नागवार गुजरी। वारदात से कुछ दिन पहले भाई ने अपनी बहन के मोबाइल में अरमान के साथ की गई चैट देख ली थी। चैट पढ़ते ही आरोपी भाई का खून खौल उठा और उसने अरमान को रास्ते से हटाने का मन बना लिया।
ऑनलाइन मंगाया चाकू, पार्क में दिया वारदात को अंजाम
आरोपी भाई ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अरमान की हत्या की पूरी प्लानिंग तैयार की। योजना को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने बकायदा ऑनलाइन शॉपिंग साइट से एक चाकू ऑर्डर किया, ताकि पुलिस चेकिंग के दौरान वे आसानी से पकड़े न जा सकें। इसके बाद आरोपियों ने अरमान की पहचान पुख्ता करने के लिए उसकी फोटो जुटाई और उसके गांव व रहने के ठिकाने की रेकी की।
साजिश के तहत आरोपियों ने अरमान को बातचीत के बहाने महम के हुड्डा सिटी पार्क में बुलाया। वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद नाबालिग आरोपियों ने अरमान पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में अरमान की दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस ने 200 से अधिक CCTV खंगाले
वारदात के बाद अरमान के पिता की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के सामने शुरुआत में कोई सुराग नहीं था। मामले को सुलझाने के लिए पुलिस टीम ने इलाके के 200 से ज्यादा सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली और पॉलिटेक्निक के छात्रों से भी पूछताछ की।
आखिरकार, जब पुलिस ने मृतक के फोन की कॉल डिटेल्स और इंस्टाग्राम आईडी की जांच की, तो लड़की के साथ हुई चैट का सुराग मिला। इसी बिंदु पर काम करते हुए पुलिस महज तीन दिनों के भीतर दोनों नाबालिग आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही।
- जगराता की फ्लेक्सी हटाने पर बवाल: पोस्टर में फोटो नहीं होने पर नगर पालिका अध्यक्ष पर लगे गंभीर आरोप, थाना पहुंचे आक्रोशित लोग
- नशीली दवाइयों के खिलाफ सख्त एक्शन, बड़ी मात्रा में ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार
- सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत! पदोन्नति में CPCT परीक्षा के नियम में छूट का प्रस्ताव, मुख्य सचिव को भेजा गया प्रारूप
- रेल यात्रियों की बढ़ी टेंशन! लैंडस्लाइड के चलते 2 ट्रेनें रद्द, 4 ट्रेनों के परिचालन प्रभावित
- आजमगढ़ में ओवैसी की हुंकार: बोले- ‘80% बनाम 20% का खेल खत्म, अब 99% बनाम 1% का होगा संग्राम’

