Rohtak Car Parking Dispute : रोहतक। हरियाणा के रोहतक में कार खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट के आरोप तक पहुंच गया। DLF कॉलोनी में रिटायर्ड IAS अधिकारी डॉ. देशराज धींगड़ा ने आर्य नगर थाने के पूर्व SHO नरेश के बेटे पर गाली-गलौच करने और धक्का देकर सड़क पर गिराने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के दौरान उनकी MLR भी तैयार की गई, जिसमें शरीर पर चोट के निशान बताए गए हैं।

डॉ. धींगड़ा के अनुसार, वह 11 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे दिल्ली से अपने घर लौटे थे। इस दौरान उन्हें मुख्य गेट के सामने एक फॉक्सवैगन कार खड़ी मिली। उन्होंने अपने ड्राइवर को कार हटवाने के लिए सामने रहने वाले पूर्व सब-इंस्पेक्टर नरेश के घर भेजा।

शिकायत के मुताबिक, ड्राइवर के वहां पहुंचने पर नरेश का बेटा जैरिक बाहर आया और उसके साथ कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने की जानकारी मिलने पर डॉ. धींगड़ा खुद कार के पास पहुंचे और गेट के सामने से वाहन हटाने के लिए कहा। आरोप है कि इस दौरान जैरिक ने उनके साथ गाली-गलौच की और विवाद बढ़ने पर धक्का दे दिया।

धक्का लगने के बाद डॉ. धींगड़ा सड़क पर गिर गए। उनका आरोप है कि गिरने के कारण एक उंगली से खून निकलने लगा और कोहनी में भी चोट आई। घटना के बाद आरोपी कार हटाकर अपने घर चला गया। डॉ. धींगड़ा ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम करीब रात 1:50 बजे मौके पर पहुंची। इसके बाद डॉ. धींगड़ा को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी जांच की और MLR तैयार की। मेडिकल जांच में तीन स्थानों पर चोट के निशान दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।

मामले को लेकर डॉ. धींगड़ा ने आर्य नगर थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की तैयारी में है।

बताया जा रहा है कि डॉ. देशराज धींगड़ा और आरोपी युवक का परिवार DLF कॉलोनी में आमने-सामने रहता है। शुरुआती तौर पर विवाद की वजह घर के मुख्य गेट के सामने कार खड़ी करना सामने आई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहासुनी के बाद घटनाक्रम किस तरह मारपीट तक पहुंचा।

डॉ. देशराज धींगड़ा कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सांसद शादीलाल बत्रा के जीजा बताए जाते हैं। उनकी कोठी से कुछ दूरी पर हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर का मकान भी है। घटना के बाद मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

आर्य नगर थाने के ASI विनोद के अनुसार, डॉ. देशराज धींगड़ा की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m