रोहतक। रोहतक में सोमवार को 28 वर्षीय विवाहिता कुसुम का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला। करीब ढाई साल पहले उसकी शादी हुई थी। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए परेशान करने और 20 लाख रुपये की कार मांगने का आरोप लगाया है। परिजनों ने हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाने की आशंका भी जताई है।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने पिता की शिकायत पर कुसुम के पति, सास, ननद और नानी सास के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव लेने से इनकार कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

2023 में हुई थी कुसुम की शादी

जींद के हकीकत नगर निवासी राजकुमार ने पुलिस को बताया कि 13 दिसंबर 2023 को उनकी बेटी कुसुम की शादी रोहतक की दुर्गा कॉलोनी निवासी छविकांत से हुई थी। छविकांत गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करता है।

राजकुमार का आरोप है कि शादी के करीब तीन महीने बाद कुसुम की ननद की शादी हुई। इसके बाद ससुराल पक्ष ने दहेज को लेकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। समय के साथ दहेज की मांग बढ़ती गई।

5 लाख रुपये दिए, 11 लाख की FD भी कराई

कुसुम के पिता के मुताबिक, ससुराल पक्ष की मांग पूरी करने के लिए परिवार ने 5 लाख रुपये नकद दिए थे। इसके अलावा 11 लाख रुपये की एफडी भी कराई गई थी।

राजकुमार का आरोप है कि इसके बाद कुसुम के पति ने 20 लाख रुपये की कार की मांग शुरू कर दी। लगातार बढ़ते दबाव के कारण वह बेटी को अपने घर ले आए।

9 महीने मायके में रही कुसुम

राजकुमार के अनुसार, कुसुम करीब नौ महीने तक मायके में रही। इस दौरान विवाद सुलझाने के लिए दो बार पंचायत भी हुई, लेकिन बात नहीं बनी।

उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को कुसुम के ससुराल वाले उसे लेने पहुंचे थे। परिवार दो दिन बाद उसे भेजने की बात कह रहा था, लेकिन ससुराल पक्ष उसे उसी दिन अपने साथ ले गया।

सुबह कहा सब ठीक है, 10 मिनट बाद मिली मौत की खबर

राजकुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8 बजे ससुराल से फोन आया और कहा गया कि कुसुम ठीक है। करीब 10 मिनट बाद दोबारा फोन आया कि उसने आत्महत्या कर ली है।

परिजन मौके पर पहुंचे तो कुसुम का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पिता ने कमरे में फर्श पर घसीटने के निशान मिलने का भी दावा किया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार

मृतका के पिता राजकुमार ने कहा कि वह पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी होनी चाहिए।

परिजनों ने साफ किया है कि जब तक कुसुम के पति छविकांत, सास सुशीला, ननद कीर्ति और नानी सास को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे शव नहीं लेंगे।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की वजह और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।