रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले के कलानौर में 51 वर्षीय राजू का शव उनके घर के चौबारे में फंदे से लटका मिला। वार्ड-11 के निगाना मोड़ स्थित महाबीर मंदिर के पास हुई इस घटना की सूचना मिलने पर कलानौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान राजू पुत्र माईलाल के रूप में हुई है। वह गांव में ही रहता था। जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर राजू घर के चौबारे में थे। शाम करीब 4 बजे उनका बेटा अमन घर पहुंचा तो उसने पिता को फंदे से लटका देखा। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और FSL टीम
सूचना मिलने के बाद कलानौर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से सबूत एकत्र किए।
कलानौर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि व्यक्ति की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।
होटल में बर्तन धोने का काम करते थे राजू
दी गई जानकारी के मुताबिक, राजू पहले एक होटल में बर्तन धोने का काम करते थे। वह काफी समय से यह काम छोड़कर घर पर रह रहे थे। बताया गया है कि वह कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थे। हालांकि, उनकी मौत के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
दो बेटों के पिता थे राजू
राजू के दो बेटे हैं। इनमें से एक बेटा अमन काम करता है। अमन ने ही पिता को फंदे पर लटका देखकर पुलिस को सूचना दी थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

