रोहतक: बहुअकबरपुर क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मदीना गांव के पास हिसार-दिल्ली रोड किनारे एक युवक का शव आग की लपटों में मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाई और शव को कब्जे में लिया। मृतक की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष आंकी जा रही है, लेकिन देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी।

घटना की सूचना डायल-112 के जरिए पुलिस तक पहुंची थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो शव में आग लगी हुई थी। हालात संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर के मुताबिक, शुरुआती परिस्थितियां इस ओर इशारा कर रही हैं कि युवक को किसी दूसरी जगह नुकसान पहुंचाने के बाद उसका शव यहां लाया गया और आग लगाई गई हो सकती है। हालांकि अभी यह केवल प्रारंभिक आशंका है और पुलिस ने हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

मृतक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों से लापता लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही हाईवे और आसपास के स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को वहां कौन लेकर आया था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m