Rohtak Ola Driver Murder : रोहतक : राजधानी दिल्ली से ऑनलाइन ऐप के जरिए टैक्सी बुक कर हरियाणा पहुंचे बदमाशों ने एक ओला ड्राइवर की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ड्राइवर की कार लूटकर फरार हो गए और मृतक की पहचान छिपाने के लिए उसके शव को आग के हवाले कर दिया। पुलिस को दो दिन बाद जले हुए आधार कार्ड के टुकड़े से मृतक ड्राइवर की शिनाख्त करने में कामयाबी मिली है।

आधार कार्ड के टुकड़े से खुला राज

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद जब पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास गहन सर्च ऑपरेशन चलाया, तो शव मिलने वाले स्थान से करीब 50 कदम की दूरी पर ताजा खुदी हुई मिट्टी दिखाई दी। शक होने पर जब पुलिस ने वहां से मिट्टी हटाई, तो नीचे दबा हुआ एक जला हुआ आधार कार्ड बरामद हुआ। इस आधार कार्ड पर मृतक का नाम ‘शेर मोहम्मद’ और उसका मोबाइल नंबर साफ पढ़ा जा सकता था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क साधा।

दिल्ली से बुक की गई थी टैक्सी

जांच में सामने आया है कि शेर मोहम्मद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ (जमालपुर) का रहने वाला था और पिछले करीब एक साल से दिल्ली में ओला कंपनी के तहत अपनी गाड़ी चला रहा था। नवंबर 2023 में दिल्ली के सोनिया विहार इलाके से आरोपियों ने ऑनलाइन ऐप के माध्यम से रोहतक के लिए उसकी गाड़ी बुक की थी। रोहतक पहुंचने के बाद बदमाशों ने ड्राइवर को बंधक बना लिया और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

पुलिसिया कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी वारदात के बाद जब मृतक का फोन लगातार बंद आने लगा, तो चिंतित परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद रोहतक की बहु अकबरपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और मामले में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपी लूटी गई इस गाड़ी का इस्तेमाल अवैध शराब की तस्करी और कारोबार के लिए करना चाहते थे। पुलिस फिलहाल आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m