Rohtak Sisters Father Death: सोनीपत। साल 2014 में हरियाणा रोडवेज की चलती बस में मनचलों का मुकाबला कर देशभर में सुर्खियां बटोरने वाली ‘रोहतक सिस्टर्स’ के परिवार पर अब हमले की घटना सामने आई है। सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में हुई मारपीट में घायल हुए उनके पिता राजेश की गुरुग्राम के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पिता की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मामला थाना खुर्द क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस को दी शिकायत में सोनिया ने आरोप लगाया कि उसका बेटा अजय और जेठ का बेटा नीरज रेस्ट हाउस स्थित खेल स्टेडियम में गए थे। वहां उनकी मुलाकात सितेंद्र, शेर सिंह और मनीष से हुई। किसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई और दोनों युवकों के साथ मारपीट की गई। शिकायत में चाकू से हमला करने का प्रयास किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
घटना के बाद अजय और नीरज किसी तरह अपने घर पहुंचे और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार के लोग आरोपितों के घर मामले को लेकर उलाहना देने पहुंचे। आरोप है कि वहां से लौटते समय आरोपित पक्ष ने उनका रास्ता रोक लिया और कुछ अन्य लोगों को भी मौके पर बुला लिया।
शिकायत के मुताबिक इसके बाद परिवार के सदस्यों पर कुल्हाड़ी, ईंट-पत्थर, लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया गया। मारपीट में राजेश के पैर में गंभीर चोट लगी, जबकि सोनिया के पति दिलबाग सिंह के सिर पर भी चोट आई।
राजेश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के चलते उसे आगे के इलाज के लिए गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में पुलिस पहले ही शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर चुकी थी। अब राजेश की मौत के बाद पुलिस जांच में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर है।
2014 में बस के अंदर भिड़ गई थीं दोनों बहनें
राजेश की बेटियां पूजा और आरती नवंबर 2014 में उस समय देशभर में चर्चा में आई थीं, जब रोहतक से सोनीपत जा रही हरियाणा रोडवेज की बस में उनका तीन युवकों से विवाद हुआ था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद दोनों बहनों को ‘रोहतक सिस्टर्स’ और ‘बहादुर बहनों’ के नाम से पहचान मिली थी।
हालांकि, बाद में इस घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए और मामले की जांच को लेकर भी चर्चा हुई। अब वर्षों बाद दोनों बहनों के पिता की हमले में मौत ने उनके परिवार को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



