अविनाश कुमार श्रीवास्तव, रोहतास। जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां, रोहतास थाना क्षेत्र के अवसानी नदी में मछली पकड़ने के लिए जब मछुआरा ने जाल लगाया, तो उसमें मछली की जगह बंदूके फंस गई। यह घटना रोहतास थाना क्षेत्र की है। बताया जाता है कि जब अवसानी नदी में मछुआरो ने जाल फेंका तो उस मछली की जगह एक जाल में एक झोला फंस गया।

झोले में मिले तीन हथियार

मछुआरों ने जब जाल को बाहर निकाला और उस झोले को खोला तो उसमें से तीन हथियार बरामद हुए। जिसमें एक देसी रिवाल्वर के अलावा दो देशी कट्टा मिला। मछुआरे के जाल में हथियार मिलने की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।

पुलिस ने हथियार को कब्जे में लिया

मछुआरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद रोहतास थाना की पुलिस मौके पर पहुंची तथा हथियार को अपने कब्जे में लिया। इस संबंध में एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि इस पहाड़ी नदी में आखिर हथियार कहां से आए? पुलिस इसकी जांच कर रही है।

लोगों द्वारा यह कयास लगाया जा रहा है कि अपराधियों ने किसी घटना को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने के लिए हथियार को झोले में भरकर नदी में फेंक दिया होगा, जो अब मछुआरों की जाल में फंसकर बाहर निकल आया।

ये भी पढ़ें- मातम में बदली मिठाई खाने की खुशी, गले में फंसा रसगुल्ला, 8 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत